लंदन का 'NRI' बन महिला से 13.30 लाख की ठगी, समस्तीपुर पुलिस ने दो शातिरों को दबोचा

लंदन का एनआरआई बनकर एक महिला से 13.30 लाख रुपये ठगने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को समस्तीपुर पुलिस ने मुजफ्फरपुर और पटना से गिरफ्तार किया है. यह ठगी फेसबुक-इंस्टाग्राम पर दोस्ती से शुरू हुई थी.

NRI scam: साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं, लेकिन समस्तीपुर साइबर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने मुजफ्फरपुर और पटना में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 13.30 लाख रुपये की रंगदारी और ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में मुजफ्फरपुर का शमशाद और पटना का प्रिंस कुमार शामिल है. शमशाद खुद को लंदन का एनआरआई बताकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था.

फेसबुक-इंस्टाग्राम पर दोस्ती से शुरू हुआ ठगी का खेल

पूरा मामला समस्तीपुर जिले के ताजपुर की रहने वाली एक महिला से जुड़ा है. मुजफ्फरपुर के पारू थाना अंतर्गत गोसाई टोल निवासी मोहम्मद शमशाद (पिता- मोहम्मद रियाकत हुसैन) ने पीड़ित महिला से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर संपर्क साधा. उसने खुद को लंदन में रहने वाला एक अमीर एनआरआई बताया. बातचीत के दौरान उसने महिला को झांसा देकर विदेश बुलाने का वादा किया और पासपोर्ट बनवाने के नाम पर उसे दिल्ली बुलाया.

दिल्ली एयरपोर्ट पर रचा 'अपहरण' का फर्जी ड्रामा

अप्रैल महीने में जब महिला दिल्ली पहुंची, तो शातिर शमशाद ने एक खौफनाक साजिश रची. उसने दिल्ली एयरपोर्ट पर खुद के अपहरण होने का झूठा नाटक किया. उसने महिला से कहा कि उसे बचाने के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है. घबराहट में आकर पीड़ित महिला ने उसके बताए खातों में कुल 13 लाख 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. पैसे ऐंठने के तुरंत बाद आरोपी ने महिला का नंबर ब्लॉक कर दिया. ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने समस्तीपुर साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई.

भाड़े के बैंक खातों का इस्तेमाल

मामले की जांच में जुटी साइबर पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम सबसे पहले पटना के रामनाथ तिवारी के पुत्र प्रिंस कुमार के खाते में भेजी गई थी. प्रिंस साइबर अपराधियों को अपना बैंक अकाउंट भाड़े पर देता था और बदले में भारी कमीशन लेता था. पुलिस जांच में सामने आया कि प्रिंस पर पहले से साइबर क्राइम के 6 मामले दर्ज हैं और उसका अकाउंट पहले भी ब्लॉक हो चुका है.

पुलिस खंगाल रही गिरोह का पूरा नेटवर्क

साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि समस्तीपुर पुलिस की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर और पटना में छापेमारी कर शमशाद और प्रिंस को दबोच लिया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कितने लोग शामिल हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >