समस्तीपुर. सोनपुर मंडल संसदीय समिति की बैठक में स्थानीय राज्यसभा सांसद व कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने भाग लिया. इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधा को देखते हुए बरौनी से नई दिल्ली के लिए वाया समस्तीपुर पाटलिपुत्र एक वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाने का निर्देश दिया. महाप्रबंधक ने कर्पूरीग्राम स्टेशन का निरीक्षण किया था. सौंदर्यीकरण के साथ गुमती के पास अंडरपास सड़क कॉलेज के छात्रों और जनहित में बनाने के लिए प्रस्ताव दिया गया था. इस दिशा में क्या कदम उठाया गया है. इसकी जानकारी मांगी. 15549 जयनगर से पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस के समय सारणी में सुधार करने की मांग रखी. हाजीपुर से पटना की दूरी महज 33 किलोमीटर है. इस ट्रेन को हाजीपुर से पटना पहुंचने में 3 घंटे लग जाते हैं. समस्तीपुर से वाया बछवाड़ा पटोरी हाजीपुर पाटलिपुत्र सुबह में एक मेमू ट्रेन चलाने को कहा. रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर में काफी सुधार हुआ रेल के पटरियों को बदल कर हाई स्पीड का बनाया गया. लेकिन ट्रेनों का समय सारणी में बदलाव नहीं किया गया महत्वपूर्ण ट्रेनों के लूज टाइम को घटाने को कहा गया. ताकि यात्री कम समय मे अपने गंतव्य स्थान पहुंच सकें. मौर्य एक्सप्रेस को बरौनी स्टेशन पर काफी देर तक रोका जाता है. इसके समय सारणी में सुधार किया जाए.12947/48 पटना अहमदाबाद एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिन बरौनी से वाया समस्तीपुर चलाया जाए. 12211/12 मुजफ्फरपुर आनंद विहार गरीब रथ को समस्तीपुर से प्रतिदिन चलाया जाये.
सांसद ने की छह ट्रेनों के खुद्दीराम बोस स्टेशन पर ठहराव की मांग
समस्तीपुर : मंडल परामर्शदात्री समिति की बैठक में समस्तीपुर सुरक्षित की सांसद शांभवी चौधरी ने कई मांगें रखी. उन्होंने खुद्दीराम बोस रेलवे स्टेशन, पूसा पर छह ट्रेनों के ठहराव की मांग की है. जिन ट्रेनों के ठहराव की मांग की गयी है, उसमें दानापुर-जयनगर इंटरसीटी, अवध असम, पवन एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, सरयुग जमुना एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस शामिल है. खुद्दीराम बोस, पूसा स्टेशन से 200 फीट पूरब समपार फाटक संख्या 68 पर आरओबी निर्माण के अद्यतन स्थिति की जानकारी मांगी. खुद्दीराम बोस रेलवे स्टेशन के सौदर्यीकरण व रुरल टर्मिनल बनाने की मांग की.सांसद प्रतिनिधि ने उठाया विकास का मुद्दा
समस्तीपुर . खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के ट्रेन व स्टेशनों से संबंधित समस्या को संसदीय समिति के बैठक में लोकसभा के सांसद प्रतिनिधि डॉ पवन जायसवाल के द्वारा प्रमुखता से रखा गया. इसमें ट्रेन संख्या 15713/14 कटिहार पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस व 13163/64 हाटेबजारे एक्सप्रेस का ठहराव के लिए प्रश्न रखा गया. गाड़ी संख्या 15203/04 बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस के परिचालन को पूर्व के भांति कटिहार स्टेशन से किया जाये. क्योंकि इस रूट पर एक भी सीधी ट्रेन का परिचालन नहीं हो रहा है. खगड़िया जंक्शन से कटिहार, मानसी, समस्तीपुर, सहरसा, जमालपुर व अलौली के ट्रेन का ट्रैक निकलती है राजस्व के मामले में खगड़िया अव्वल है. खगड़िया को टर्मिनल में परिवर्तित करने का प्रस्ताव भेजने की मांग रखी.
मंडल संसदीय समिति सोनपुर की हुई बैठक
समस्तीपुर. सोनपुर मंडल की मंडल संसदीय समिति की बैठक का आयोजन किया गया. इसमें सोनपुर मंडल क्षेत्राधिकार के सांसद ने भाग लिये. अध्यक्षता सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की. इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद सहित मुख्यालय एवं सोनपुर मंडल के सभी उच्चाधिकारी उपस्थित थे. बैठक में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, समस्तीपुर की सांसद शांभवी उपस्थित थे.बेल्लारी हॉल्ट पर ट्रेनों को मिले ठहराव : नित्यानंद राय
समस्तीपुर. सोनपुर मंडल समिति की बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सह उजियारपुर के सांसद नित्यानंद राय के प्रतिनिधि के रुप में शिव कुमार सिंह ने संसदीय क्षेत्र के विकास के कई मुद्दे उठाए हैं. इसमें विद्यापतिधाम मंदिर से उत्तर एवं रेल लाइन में दक्षिण मंदिर के पीछे से स्मारक चौक तक रेलवे विभाग द्वारा सड़क निर्माण कराने,हरपुर बोचहा रेलवे हॉल्ट पर प्लेटफार्म की ऊंचाई कम होने के कारण यात्रियों को परेशानी होती है प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने एवं सौंदर्यकरण, हरपुर बोचहा ग्राम से हरपुर बोचहा रेलवे हॉल्ट तक पहुंचने के लिए संपर्क पथ का निर्माण, शेरपुर ढ़ेपुरा पंचायत अन्तर्गत डाला संख्या 6 से शेरपुर ढ़ेपुरा हॉल्ट तक सड़क निर्माण, मोहिउद्दीननगर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13205 एवं 13206 जनहित एक्सप्रेस का ठहराव, शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या एक से प्लेटफार्म संख्या तीन पर जाने के लिए फुट-ऑवर ब्रिज का निर्माण बेलारी हॉल्ट पर ट्रेन संख्या 63307 कटिहार समस्तीपुर का ठहराव की मांग शामिल है
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
