Samastipur News:मोतीपुर का फिर विशेष श्रेणी के राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए हुआ चयन

रोसड़ा के मोतीपुर पंचायत अपने विकास के बल पर एक बार फिर देश स्तर के विशेष श्रेणी के राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के लिए चयनित हुआ है.

Samastipur News:रोसड़ा : रोसड़ा के मोतीपुर पंचायत अपने विकास के बल पर एक बार फिर देश स्तर के विशेष श्रेणी के राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के लिए चयनित हुआ है. इसे बहुत बड़ा पुरस्कार माना जा रहा है. पंचायत की मुखिया प्रेमा देवी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी 24 अप्रैल को मधुबनी में होने वाली सभा में खुले मंच से सम्मानित किया जायेगा. सम्मान के तौर पर उन्हें 50 लाख रुपये भी उपहार स्वरूप दिये जायेंगे. उन्हें क्लाइमेट एक्शन विशेष पंचायत पुरस्कार के लिए बिहार से अकेले चुना गया है. इस पुरस्कार के लिए महाराष्ट्र और कर्नाटक से भी एक-एक जनप्रतिनिधि का चयन हुआ है. इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के आत्मनिर्भर पंचायत विशेष पुरस्कार के लिए तेलंगाना, ओडिशा एवं आंध्र प्रदेश से एक-एक जनप्रतिनिधि व पंचायत क्षमता निर्माण सर्वोत्तम संस्थान पुरस्कार के लिए केरल, उड़ीसा एवं असम से एक-एक जनप्रतिनिधि का चयन किया गया है. सभी चयनित जनप्रतिनिधि को प्रधानमंत्री द्वारा मधुबनी की सभा में ही सम्मानित किया जायेगा. इस संबंध में पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार डॉ विजय कुमार बेहेरा ने पत्र जारी कर जानकारी दी है. यह जानकारी मुखिया पति रंजीत कुमार सहनी ने दी. मोतीपुर पंचायत को इस सम्मान के लिए चयनित होने पर एक ओर जहां पंचायतवासियों में खुशी है. वहीं शुभचिंतकों,बुद्धिजीवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुखिया के विकास कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दिया है. बता दें कि मोतीपुर पंचायत के मुखिया प्रेमा देवी एवं उनके पति समाजसेवी रंजीत सहनी के अथक प्रयास से आदर्श पंचायत का निर्माण हो सका है. मुखिया को राष्ट्रीय स्तर के कई सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है. उन्हें दिल्ली में बाल हितैषी एवं स्वस्थ्य पंचायत पुरस्कार,राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार, नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार, चाइल्ड फ्रेंडली पंचायत पुरस्कार, स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण पुरस्कार, स्वच्छता ही सेवा पुरस्कार, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सैनिटेशन सर्टिफिकेट, यशस्वी मुखिया एवं अटल अवार्ड समेत बिहार एवं जिले से कई तरह के सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PREM KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >