Morwa News: प्रखंड क्षेत्र की करीब 10 पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों के डेढ़ महीने बाद भी कई शिकायतों का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है. शिविर में आवेदन देने वाले लोगों का कहना है कि एक महीने के भीतर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक अधिकांश मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग अब भी अधूरी
लड़ुआ पंचायत निवासी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या दूर करने और बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए ट्रांसफॉर्मर लगाने का आवेदन दिया था. शिविर में मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन डेढ़ महीने बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है.
अतिक्रमण और नल-जल की समस्याएं भी बरकरार
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने, नल-जल योजना में सुधार और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने से संबंधित कई आवेदन दिए गए थे, लेकिन अब तक इन मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है. इससे लोगों में सहयोग शिविर की प्रभावशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
लोगों ने मांगी शीघ्र कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया था, लेकिन कई विभागों की कार्यप्रणाली निराशाजनक रही है. लोगों ने लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की है.
