Samastipur News: समस्तीपुर जंक्शन पर आरपीएफ और अपराध आसूचना शाखा की संयुक्त कार्रवाई में एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया, जिसे बाद में उसके वास्तविक मालिक को पहचान के आधार पर सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई.
आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर के उप निरीक्षक पी.के. चौधरी और उप निरीक्षक श्याम सुंदर कुमार प्लेटफॉर्म पर अपराध नियंत्रण को लेकर गश्त कर रहे थे. इसी दौरान अपराध आसूचना शाखा के सहायक उप निरीक्षक आकाश रंजन कुमार, प्रधान आरक्षी पुरुषोत्तम कुमार और प्रधान आरक्षी देव शंकर सिंह भी टीम में शामिल हो गए.
संदिग्ध हालत में भाग रहे युवक को दबोचा
संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर मुजफ्फरपुर साइड फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के पास निगरानी कर रही थी. शाम करीब छह बजे एक युवक संदिग्ध अवस्था में तेजी से भागता दिखाई दिया. शक होने पर टीम ने एफओबी के रैंप के नीचे घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौनी सोकहारा बस स्टैंड निवासी 34 वर्षीय अरविंद तिवारी के रूप में बताई. तलाशी लेने पर उसकी जेब से बैंगनी रंग का टच स्क्रीन मोबाइल बरामद हुआ.
आरोपी ने कबूला चोरी का जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पूछताछ काउंटर के पास एक यात्री की जेब से मोबाइल चोरी किया था. उसने बताया कि मोबाइल बेचकर मिले पैसे से नशे की पूर्ति करने की योजना थी, लेकिन पुलिस टीम को देखकर वह भागने लगा और पकड़ा गया.
इसी दौरान समस्तीपुर जिले के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र के घीवाही गुलराही निवासी यात्री वीरेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे और बरामद मोबाइल को अपना बताया.
आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
