समस्तीपुर: घटहो थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर घटहो गांव से मंगलवार की देर शाम घर से निकले एक मजदूर का शव बुधवार सुबह मुसापुर गांव स्थित भूसनी मठ चौर से मिलने के बाद सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान सुल्तानपुर घटहो गांव के वार्ड संख्या-1 निवासी रामप्रवेश गिरी के पुत्र मिथुन गिरी (37) के रूप में हुई है. उसके शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं. इसके बाद परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या किये जाने की आशंका जतायी है.
परिजनों के अनुसार, मिथुन मंगलवार की देर शाम घर से निकला था. रात काफी देर होने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोग परेशान हो गये. आसपास और परिचितों के यहां उसकी तलाश की गयी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. बुधवार सुबह ग्रामीणों से गांव के बाहर भूसनी मठ चौर में शव मिलने की सूचना मिली. पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
प्रेम प्रसंग में मारपीट के बाद हत्या का आरोप
मिथुन के शरीर पर जख्म के निशान मिलने के बाद परिजनों ने गांव के ही अवधेश गिरी, उसकी पत्नी कामिनी देवी, अजीत गिरी समेत करीब आधा दर्जन लोगों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है.
मृतक की मां ने पुलिस को पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ मिथुन के कथित अवैध संबंध की जानकारी भी दी है. पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए अवधेश गिरी की पत्नी कामिनी देवी को हिरासत में लिया है. उससे घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है.
कुछ दिन पहले ही रोजी-रोटी के लिए राजकोट से गांव लौटे मिथुन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना से ग्रामीण भी सकते में हैं.
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाये नमूने
सूचना मिलने के बाद दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से जांच की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किये हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटहो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर मिले जख्मों की प्रकृति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका के साथ आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.
यह भी पढ़ें
तंबाकू की 25 गांठ में आगजनी, किसान ने लगाया 25 लाख रुपये के नुकसान का दावा
