समस्तीपुर : महाशिवरात्रि पर्व आज परंपरागत रुप से आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया जायेगा. मंदिरों में तैयारियां पूरी हो गई है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोले बाला को जलाभिषेक कर मंगल कामना करेंगे. शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजेंगे. जलाभिषेक का क्रम सुबह चार बजे शुरु हो जायेगा. शहर के थानेश्वर स्थान महादेव मंदिर भव्य साज-सज्जे के साथ महाशिवरात्रि की तैयारी की गई है. मंदिर परिसर को फूल-माला और रंग-बिरंगे झालरों से सजाया गया है. मंदिर के आसपास फूल, माला, बेलपत्र समेत पूजन सामग्री का स्टॉल लगा है. महाशिवरात्रि के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पुलिस बल व स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है. मंगलवार को दलबल के साथ नगर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पूरी तैयारी है. मंदिर परिसर के आसपास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. इसके अलावा शहर व ग्रामीण इलाके में जगह-जगह शिवालय व मंदिरों में शिवरात्रि पर हवन, पूजन और अनुष्ठान की तैयारी गई है. श्रद्धालुओं में काफी उत्साह नजर आ रहा है. पंडित पंकज झा ने बताया कि मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन विधिपूर्वक व्रत रखने पर व शिव पूजन करने पर अश्वमेघ यज्ञ के सामान फल प्राप्त होता है. समस्त भोगों को भोगते हुए व्रती मोक्ष को प्राप्त करता है. इस व्रत से सभी पापों का क्षय हो जाता है.
लगाये गये अतिरिक्त डस्टबिन
निगम प्रशासन की ओर से शिवरात्रि पूजा के दौरान शहर में स्वच्छता बनाये रखने के लिए दिशा निर्देश जारी किया गया है. नगर आयुक्त केडी प्रज्जवल ने बताया कि सभी सफाई एजेंसी के प्रबंधक को निर्देश दिया गया है कि शहर के प्रमुख मंदिर, मार्ग एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई को प्राथमिकता दें. कूड़ा निस्तारण का कार्य निरंतर किया जाये. मंदिरों के आसपास अतिरिक्त डस्टबिन लगायें एवं कूड़ा को त्वरित ढंग से उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें. उन्होंने आमलोगों से सहयोग का अपील करते हुए कहा कि कूड़ा केवल निर्धारित स्थल पर डालें और प्लास्टिक के उपयोग से बचें. नगर निगम के अधिकारियों को भी निरीक्षण करने और समस्याओं का तत्काल समाधान करने की जिम्मेदारी सौंपी गई. नगर आयुक्त ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व एवं स्वच्छता धार्मिक आस्था के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए जरुरी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
