भैंस बेचकर तीन बच्चों की मां से की शादी, मंदिर से निकलते ही बहनों ने कर दी धुनाई

समस्तीपुर में एक अनोखी प्रेम कहानी ने सुर्खियां बटोरीं. एक प्रेमी ने अपनी भैंस बेचकर तीन बच्चों की मां से शादी की. लेकिन मंदिर से निकलते ही दूल्हे की बहनों ने उसे बीच सड़क पर जमकर पीटा.

Samastipur Love Marriage: समस्तीपुर की सड़कों पर प्यार, बगावत और जबरदस्त ड्रामे का एक ऐसा गजब का मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. समाज के ताने और परिवार की बंदिशों को दरकिनार कर एक सिरफिरे आशिक को अपनी मोहब्बत से दिल का सौदा इतना गहरा हुआ कि उसने अपनी प्यारी भैंस तक बेच डाली.

दूल्हे की बहन ने भाई को धोया

तीन बच्चों की मां के प्यार में पागल इस प्रेमी ने आखिरकार अपनी प्रेमिका को मंदिर ले जाकर हमसफर तो बना लिया, लेकिन उसकी यह मोहब्बत की मंजिल इतनी आसान नहीं थी. शादी के सात फेरे लेकर जैसे ही यह नवविवाहित जोड़ा थानेश्वर मंदिर की चौखट से बाहर कदम रख रहा था, तभी अचानक दूल्हे की अपनी ही सगी बहनें आंधी की तरह टूट पड़ीं और नई-नवेली दुल्हन के सामने ही दूल्हे राजा को बीच सड़क पर जमकर धुन डाला.

बहनों का आरोप: 5 लाख लेकर भागा भाई, तीन बच्चों की मां से की शादी

घटना नगर थाना क्षेत्र के थानेश्वर मंदिर परिसर के पास की है. सरायरंजन के उदयपुर निवासी सतावन चौधरी ने अपनी प्रेमिका के साथ पहले कोर्ट मैरिज की और फिर मंदिर में फेरे लिए. जैसे ही नवविवाहित जोड़ा बाहर आया. दूल्हे की दो बहनों ने उन्हें घेर लिया. बहनों ने सरेआम भाई को पीटना शुरू कर दिया और रोते-चिल्लाते हुए आरोप लगाया कि भाई घर से पांच लाख रुपये कैश चुराकर भागा है और उसने तीन बच्चों की मां से शादी कर ली है.

दूल्हे की सफाई: 'भैंस बेचकर की शादी, अंतरजातीय विवाह से नाराज हैं घरवाले'

दुल्हन के सामने पिटे दूल्हे सतावन चौधरी ने चोरी के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उसने कहा कि उसने घर से एक भी रुपया नहीं लिया है. उसने अपनी भैंस बेचकर शादी के पैसों का बंदोबस्त किया है. दूल्हे ने बताया कि वह और उसकी पत्नी एक साल से प्यार में हैं. वह ब्राह्मण समाज से है और पत्नी तेली समाज से है. अंतरजातीय विवाह होने के कारण परिवार वाले इस शादी के खिलाफ हैं और उसे बेदखल करने की धमकियां दे रहे हैं.

लड़की पक्ष ने किया बीच-बचाव, थाने तक नहीं पहुंचा मामला

हंगामे के दौरान लड़की वालों ने बीच-बचाव की कोशिश की. तो बहनों ने उनसे भी तीखी बहस की. बाद में स्थानीय लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया. नगर थाना पुलिस के अनुसार अभी तक किसी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है. आवेदन मिलने पर नियमानुकूल जांच कर कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: ऑनलाइन लगान वसूली में सुस्ती, जिला ने अब तक महज 45% लक्ष्य ही कर पाया हासिल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >