LNMU Admission 2026: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, कामेश्वरनगर, दरभंगा ने स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-28, चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम) में नामांकन के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूर्व में छूटे हुए अथवा अनामांकित अभ्यर्थियों को रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन का एक और मौका देने का निर्णय लिया है.
4,045 सीटें अभी भी रिक्त
विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, स्नातकोत्तर के सभी विषयों को मिलाकर कुल 10,590 सीटें स्वीकृत हैं. पहली और दूसरी चयन सूची के आधार पर अब तक 6,545 विद्यार्थियों का नामांकन संपन्न हुआ है. इसके बाद भी विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों एवं कॉलेजों में 4,045 सीटें खाली रह गयी हैं.
इन्हीं रिक्त सीटों को भरने के लिए आवेदन पोर्टल फिर से खोला गया है. जो अभ्यर्थी किसी कारणवश पहले ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए थे या जिनका चयन पिछली सूचियों में नहीं हो सका था, वे निर्धारित शुल्क जमा कर पुनः आवेदन कर सकते हैं.
23 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
आवेदन की अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गयी है. अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए किस विषय और कॉलेज में कितनी सीटें खाली हैं, इसकी पूरी सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गयी है.
छात्र-छात्राएं आवेदन करने से पहले रिक्त सीटों की सूची का अवलोकन कर सकते हैं, ताकि वे अपनी पसंद के विषय और संस्थान का सही विकल्प चुन सकें.
यह आदेश कुलपति के निर्देशानुसार अध्यक्ष, छात्र-कल्याण द्वारा जारी किया गया है. विश्वविद्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते अपना आवेदन पूरा करने को कहा है.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: सहयोग शिविर में 71 आवेदनों का हुआ निष्पादन
