"17 धूर जमीन के लिए अपनों ने ही बहाया खून!": समस्तीपुर में घर में घुसकर लाठी और रॉड से हमला, दो की हालत नाजुक

समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पिता, पत्नी और पुत्र शामिल हैं, जिनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

Samastipur News: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बेझाडिह मोहल्ला (वार्ड संख्या-1) में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में जबरन घुसकर लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. इस खूनी वारदात में एक ही परिवार के पिता, पुत्र और महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

घायलों की पहचान, दो की हालत गंभीर होने पर रेफर

घायलों की पहचान बेझाडिह वार्ड-1 निवासी जगदीश राय, उनकी पत्नी जानकी देवी और पुत्र दिलीप कुमार के रूप में हुई है. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद जगदीश राय और उनकी पत्नी जानकी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.

17 धूर जमीन पर कब्जे का आरोप, अवैध हथियार लहराने की शिकायत

घायल दिलीप कुमार ने आपबीती बताते हुए आरोप लगाया कि उनके पिता के हिस्से की करीब 17 धूर जमीन को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चला आ रहा है. आरोप है कि उनके चाचा और चचेरे भाई उक्त जमीन पर जबरन कब्जा करने की नियत से मंगलवार सुबह सुनियोजित तरीके से हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए. हमलावरों ने परिजनों के साथ जमकर मारपीट की और इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से अवैध हथियार भी लहराया.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपित हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया. मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहनता से जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव व्याप्त रहा, जिसे पुलिस ने शांत कराया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ankur kumar

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >