समस्तीपुर क्राइम: सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत के बरुना रसलपुर वार्ड नंबर 06 में एक मजदूर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी स्व. राम प्रसाद दास के 33 वर्षीय पुत्र मुकेश दास के रूप में हुई है. मुकेश रसलपुर गांव स्थित अपने ससुराल में रहकर बच्चों का पालन-पोषण कर रहे थे.
30 अगस्त को काम के लिए गया था पटना
बताया जाता है कि मुकेश गांव के ही ठेकेदार रंजीत दास के साथ पाइलिंग का काम करने के लिए 30 अगस्त को पटना गये थे. परिजनों का कहना है कि वहां मुकेश के साथ मारपीट की जाती थी.
परिजनों के अनुसार, पांच सितंबर की रात दो बाइक सवार लोगों ने मुकेश को बेहोशी की हालत में छोड़ दिया. इनमें से एक का नाम शिवा बताया गया है. इसके बाद मुकेश की हालत खराब देखकर उनका इलाज शुरू कराया गया.
बेहतर इलाज के लिए ले जाते समय हुई मौत
मुकेश की हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उनकी मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार, मुकेश के शरीर पर काफी चोट के निशान भी साफ दिखाई दे रहे थे.
मुकेश की मौत के बाद पत्नी आरती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. वह अपने पीछे 6 साल के बेटे, 4 साल की बेटी और एक नवजात बच्चे को छोड़ गये हैं.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने मामले की जानकारी ली और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
वहीं, 112 की टीम लीडर रविन्द्र प्रसाद यादव भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
यह भी पढे़ं:
First AC में शराब तस्करी: नेहा की पूरी कहानी, पिता के बाद बहन पर भी केस, दरभंगा कनेक्शन की जांच
