Samastipur Crime: जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान में लूटपाट की कोशिश की. विरोध करने पर बदमाशों ने दुकानदार को गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बोलेरो से पहुंचे सात हथियारबंद बदमाश
घटना विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट अंतर्गत पंचवटी चौक स्थित दिनेश ज्वेलर्स एंड सन्स की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब सात हथियारबंद बदमाश एक बोलेरो वाहन से पहुंचे थे. इनमें तीन बदमाश बोलेरो में मौजूद रहे, जबकि चार बदमाश पिस्टल लेकर दुकान में लूटपाट के इरादे से घुस गए.
विरोध करने पर दुकानदार को मारी गोली
लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने दुकानदार दिनेश साह को गोली मार दी. गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे. भीड़ बढ़ती देख बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए.
अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल दुकानदार को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 संजय कुमार और विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
