समस्तीपुर: जदयू महिला प्रकोष्ठ के स्थानीय कार्यकर्ताओं की बैठक मंगलवार को लोहिया आश्रम स्थित जिला कार्यालय में हुई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधान पार्षद सह जदयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शिवरानी देवी शामिल हुईं. कार्यकर्ताओं ने मिथिला परंपरा के अनुसार पाग, चादर, माला और अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया.
महिलाओं की भागीदारी को संगठन की ताकत बनाने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए शिवरानी देवी ने कहा कि महिलाओं के उत्थान और सशक्तीकरण के लिए सरकार कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में महिलाओं को शिक्षा, नौकरी और राजनीतिक क्षेत्र में भागीदारी के अवसर मिले हैं.
उन्होंने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को बिहार में बदलाव का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए संगठन में उनकी भूमिका और मजबूत करने पर जोर दिया.
बूथ से जिला स्तर तक सक्रिय हों महिला कार्यकर्ता
प्रदेश अध्यक्ष ने महिला कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि महिला प्रकोष्ठ की ओर से बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर महिलाओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जदयू की नीतियों और सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की. शिवरानी देवी ने कहा कि जदयू के नेतृत्व के लिए निशांत कुमार तैयार हैं.
अश्वमेघ देवी बोलीं- महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
स्थानीय विधायक अश्वमेघ देवी ने कहा कि पिछले 26 वर्षों से जदयू संगठन में महिलाओं की मजबूत भागीदारी रही है. महिलाओं की सक्रिय भूमिका से संगठन को मजबूती मिली है और आगे भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी होंगी.
बैठक की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष बिरिया देवी ने की, जबकि संचालन डॉ. ज्योति निर्मला ने किया. मौके पर सुप्रिया रानी, अनिता मिश्रा, पुष्पलता कुमारी, ताराचंद मेहता, दीप्ति सिंह, मंजू पासवान, तारा देवी, प्रीति कुमारी, मंजू देवी, विमला देवी, सुनीता देवी और सुमित्रा देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थीं.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर में NPS के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन, OPS की मांग
