भारत गौरव ट्रेन. मिथिलांचल और कोसी क्षेत्र के यात्रियों के लिए दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का मौका मिलने जा रहा है. आईआरसीटीसी की भारत गौरव ट्रेन आगामी 12 सितंबर को सहरसा से रवाना होगी. यह ट्रेन निर्मली, दरभंगा होते हुए समस्तीपुर पहुंचेगी. 11 रात और 12 दिनों के इस टूर पैकेज में तिरुपति, रामेश्वरम, कन्याकुमारी सहित कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा.
तिरुपति और रामेश्वरम समेत इन जगहों का होगा दर्शन
भारत गौरव ट्रेन के इस टूर पैकेज में दक्षिण भारत के कई प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल किए गए हैं. यात्रियों को तिरुपति, पद्मावती, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी, विवेकानंद रॉक और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे.
एक ही यात्रा में धार्मिक स्थलों के साथ दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों को देखने का अवसर मिलेगा. इससे यात्रियों को अलग-अलग जगहों पर होटल और यात्रा की व्यवस्था करने की परेशानी भी नहीं होगी.
सहरसा से चलेगी, समस्तीपुर होकर जाएगी ट्रेन
भारत गौरव ट्रेन 12 सितंबर को सहरसा से रवाना होगी. निर्धारित रूट के अनुसार ट्रेन सुपौल, निर्मली, दरभंगा, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर होते हुए हाजीपुर पहुंचेगी. इसके बाद पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, जसीडीह और आसनसोल के रास्ते आगे जाएगी.
इस रूट के स्टेशनों से भी यात्री टूर पैकेज के लिए बुकिंग करा सकेंगे. समस्तीपुर और आसपास के यात्रियों के लिए यह ट्रेन खास तौर पर सुविधाजनक रहेगी.
स्लीपर से कंफर्ट क्लास तक अलग-अलग किराया
आईआरसीटीसी की ओर से टूर पैकेज के लिए अलग-अलग श्रेणियां रखी गयी हैं. स्लीपर क्लास के लिए 24,590 रुपये, स्टैंडर्ड क्लास के लिए 44,730 रुपये और कंफर्ट क्लास के लिए 54,300 रुपये प्रति यात्री शुल्क निर्धारित किया गया है.
पैकेज में यात्रा के साथ रहने और खाने की सुविधा भी शामिल होगी. यात्रियों के लिए भजन-कीर्तन, सुरक्षा और स्थानीय स्तर पर घूमने की व्यवस्था भी पैकेज का हिस्सा होगी. कंफर्ट श्रेणी के यात्रियों के लिए एसी होटल की सुविधा दी जाएगी.
11 रात और 12 दिन का होगा पूरा टूर
सहरसा से रवाना होने के बाद भारत गौरव ट्रेन का पूरा टूर 11 रात और 12 दिनों का होगा. यात्रियों को निर्धारित स्थलों का भ्रमण कराने के बाद ट्रेन वापस समस्तीपुर के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाएगी.
आईआरसीटीसी की ओर से इस तरह के टूर का उद्देश्य यात्रियों को एक ही पैकेज में धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा की सुविधा देना है. इससे यात्रियों को अलग-अलग टिकट, होटल और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था करने की जरूरत कम होगी.
पहले बेतिया से भी चलेगी भारत गौरव ट्रेन
बताया गया कि इससे पहले बेतिया से भी भारत गौरव ट्रेन चलायी जानी है. यह ट्रेन 1 सितंबर को रवाना होने वाली है. आईआरसीटीसी की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों के यात्रियों को धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा कराने के लिए भारत गौरव ट्रेन के टूर आयोजित किए जा रहे हैं.
यह भी पढे़ं: लीची की खेती पर 'स्टिंक बग' का खतरा, पूसा कृषि विश्वविद्यालय ने जारी की एडवाइजरी
