Samastipur News:घोटाले के आरोप की जांच रिपोर्ट 16 अक्टूबर के बाद

संयुक्त छात्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले चल रहे चार दिवसीय आमरण भूख हड़ताल का शनिवार को सकारात्मक परिणाम सामने आया

Samastipur News:रोसड़ा : संयुक्त छात्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले चल रहे चार दिवसीय आमरण भूख हड़ताल का शनिवार को सकारात्मक परिणाम सामने आया. जूस पिलाकर हड़ताल समाप्त करवाया गया. ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा के कुल सचिव ने कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो डॉ अजय कुमार से दूरभाष पर बातचीत कर छात्रों की प्रमुख मांगों को मानने का आश्वासन दिया. कुलसचिव ने स्पष्ट किया कि घोटाले की जांच रिपोर्ट 16 अक्टूबर के बाद सार्वजनिक की जायेगी. उसकी स्थिति छात्रों को बतायी जायेगी. वहीं छात्रों की मांग पर मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष सह बर्सर डॉ विनय कुमार के तबादले को भी हरी झंडी मिल गई है. छात्र राजद नेता सत्यम प्रियदर्शी ने भूख हड़ताल स्थगन को छात्रों की जीत बताते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में जांच रिपोर्ट साझा नहीं की गई तो हम विश्वविद्यालय का घेराव करेंगे व कानूनी रास्ता भी अपनायेंगे. एआईएसएफ जिला सचिव कुमार गौरव ने कहा कि यूआर कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू होने से न सिर्फ रोसड़ा बल्कि खगड़िया, सहरसा, मझौल, कुशेश्वरस्थान, शिवाजीनगर व सिंघिया के छात्रों को भी उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा. छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि स्नातक 2024 से 28 सत्र के छात्रों से नामांकन के नाम पर ली गई अवैध राशि को वापस करने का निर्णय सराहनीय है. एनएसयूआई प्रदेश सचिव रशीद शेख ने कहा कि संगठन शिक्षा व शिक्षण संस्थानों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा. भूख हड़तालियों में मुरारी गुप्ता, अभिषेक सिंह, शुभम सिंह, रशीद शेख व बालवीर ने एक स्वर में इसे छात्रों की जीत करार दिया. अंत में प्रभारी प्राचार्य प्रो अजय कुमार ने स्वयं जूस पिलाकर हड़ताल का समापन कराया. कार्यक्रम स्थल पर बीडीओ राकेश कुमार, थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, अमरेश कुमार, रवि शर्मा, बिट्टू कुमार, सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना, अनिल महतो, अविनाश कुमार, शाहिद अंसारी आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABHAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >