होटल में फर्जी शूटिंग बुकिंग के नाम पर 8 लाख के कैमरे और ड्रोन चोरी, वीडियोग्राफी टीम से बड़ी ठगी

समस्तीपुर में एक हैरतअंगेज चोरी की घटना सामने आई है, जहां फर्जी वीडियो शूटिंग बुकिंग के बहाने रांची से आई एक प्रोफेशनल वीडियोग्राफी टीम को ठगा गया. चोरों ने टीम के लगभग 8 लाख रुपये मूल्य के कैमरे, ड्रोन और अन्य महंगे उपकरण पार कर दिए.

Samastipur News: शहर के स्टेशन रोड स्थित होटल आर्या में फर्जी वीडियो शूटिंग बुकिंग के बहाने रांची से आई एक प्रोफेशनल वीडियोग्राफी टीम से करीब 8 लाख रुपये मूल्य के कैमरे, ड्रोन और अन्य महंगे उपकरण चोरी कर लिए गए. पीड़ितों ने नगर थाना में आवेदन देकर मामले की शिकायत की है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

5 हजार रुपये एडवांस भेजकर बुलाया

पीड़ित अमरजीत जराव, करण महतो, पवन लकड़ा और ज्योतिष कुमार ने बताया कि 15 जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति ने वीडियो शूटिंग के लिए संपर्क किया. भरोसा दिलाने के लिए उसने यूपीआई के माध्यम से 5 हजार रुपये एडवांस भी भेज दिए. तय कार्यक्रम के अनुसार टीम 18 जुलाई की सुबह मौर्या एक्सप्रेस से समस्तीपुर पहुंची.

फर्जी रिसेप्शनिस्ट बनकर दिया कमरा

सुबह करीब 6:45 बजे पवन कुमार दुबे नाम बताने वाले व्यक्ति ने फोन कर टीम को होटल आर्या बुलाया. वहां एक व्यक्ति ने खुद को होटल कर्मी बताकर कमरा संख्या 206 और 207 आवंटित कर दिया. टीम फ्रेश होने के बाद कमरों में ताला लगाकर नाश्ता करने बाहर चली गई. लौटने पर कमरे से कैमरे, ड्रोन, लेंस, गिम्बल और अन्य उपकरण गायब मिले, जबकि बैग वहीं पड़े थे.

होटल कर्मी नहीं था आरोपी

पीड़ितों ने जब होटल के वास्तविक रिसेप्शन पर जानकारी ली तो पता चला कि कमरा आवंटित करने वाला व्यक्ति होटल का कर्मचारी ही नहीं था. होटल कर्मियों ने बताया कि उसी व्यक्ति को सामान लेकर बाहर निकलते देखा गया था. चोरी गए सामान में कैनन आर-6 मार्क-2, कैनन आर-8 कैमरा, डीजेआई मिनी-4 प्रो ड्रोन, कई प्रोफेशनल लेंस और डीजेआई आरएस मिनी गिम्बल सहित अन्य उपकरण शामिल हैं.

CCTV फुटेज और कॉल डिटेल से होगी जांच

पीड़ितों ने पुलिस से होटल के CCTV फुटेज जब्त करने, कॉल डिटेल की जांच करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. नगर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ankur kumar

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >