Bibhutipur News: विभूतिपुर थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर देसरी स्थित एक फैमिली रेस्टोरेंट में छापेमारी कर 11.340 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद करने का दावा किया है. पुलिस ने इस मामले में रेस्टोरेंट संचालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की रात करीब 8:15 बजे सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ रामपुर पुल के पास गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान सूचना मिली कि देसरी स्थित होटल उपकार फैमिली रेस्टोरेंट में अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है.
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट में तलाशी ली. पुलिस का कहना है कि तलाशी के दौरान प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखी गई कुल 11.340 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई.
संचालक गिरफ्तार, मामला दर्ज
पुलिस ने जब्ती सूची तैयार कर वीडियोग्राफी के साथ कार्रवाई पूरी की और रेस्टोरेंट संचालक चंद्रशेन कुमार उर्फ चिंटू, निवासी हरिचक, थाना भगवानपुर, जिला बेगूसराय को गिरफ्तार कर लिया.
थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि इस मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
