प्रतिनिधि, समस्तीपुर: उत्तर बिहार के किसानों और आम जनमानस के लिए मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों का विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है. डॉआरपीसीएयू, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त सहयोग से 15 जुलाई से 19 जुलाई तक का मौसम बुलेटिन जारी किया गया है. इस पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, बेगूसराय को छोड़कर उत्तर बिहार के लगभग सभी जिलों में 15 से 17 जुलाई के दौरान तेज मेघगर्जन और वज्रपात की प्रबल आशंका है. इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती है. पूर्वानुमान अवधि में उत्तर बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की उम्मीद है. शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी और पश्चिम चंपारण जिलों के निवासियों को विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि यहां 15-16 जुलाई के आसपास मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान आसमान में सामान्यतः हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश के समय घने काले बादलों का डेरा देखा जा सकता है. अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर बिहार के अलग-अलग जिलों में तापमान में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. अधिकांश जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 29डिग्री सेल्सियस से 32डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. बेगूसराय, वैशाली, शिवहर और पूर्वी चंपारण जिलों में दिन का पारा थोड़ा चढ़ सकता है. यहां अधिकतम तापमान 34डिग्री सेल्सियस से 36डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सभी जिलों में रात और सुबह का न्यूनतम तापमान 24डिग्री सेल्सियस से 28डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. हवा में नमी की मात्रा काफी अधिक रहेगी. सुबह के वक्त सापेक्षिक आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत रहने का अनुमान है. दोपहर होते ही आर्द्रता में गिरावट आएगी. सारण, सिवान, गोपालगंज, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण जिलों में यह 40 से 45 प्रतिशत तक रह सकती है, जबकि उत्तर बिहार के अन्य शेष जिलों में यह 50 से 60 प्रतिशत के बीच दर्ज की जा सकती है.इस पूरी अवधि में हवा मुख्य रूप से दक्षिण-पश्चिमी दिशा से बहेगी, जिसकी रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है. आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा.
उत्तर बिहार के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक झमाझम बारिश के आसार
मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के कई जिलों में 15 से 19 जुलाई तक तेज बारिश और मेघगर्जन की चेतावनी जारी की है। जानें अपने जिले का मौसम का हाल।

प्रतीकात्मक AI तस्वीर