Bihar Weather: उत्तर बिहार के किसानों और आम लोगों के लिए राहत भरी खबर है. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा विभाग और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त सहयोग से 26 से 30 अगस्त 2026 तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है. पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है और कई जिलों में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है.
27 और 28 अगस्त को बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 27 और 28 अगस्त के आसपास उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं गोपालगंज, सीवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण के कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है.
इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
सुबह अधिक रहेगी नमी
पूर्वानुमान अवधि में सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता करीब 85 प्रतिशत रहने की संभावना है. दोपहर तक इसमें कमी आकर यह करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच सकती है.
इस दौरान मुख्य रूप से पूर्वी दिशा से हवाएं चलेंगी. हवा की गति करीब 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है.
किसानों को कीटनाशक और उर्वरक का छिड़काव रोकने की सलाह
मौसम विभाग और कृषि विश्वविद्यालय ने बारिश एवं वज्रपात की संभावना को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. किसानों से फिलहाल खेतों में कीटनाशक और उर्वरक का छिड़काव नहीं करने को कहा गया है.
भारी बारिश की संभावना वाले जिलों में किसानों को फसलों में जलजमाव रोकने के लिए खेतों से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी गयी है.
वज्रपात के दौरान खुले में जाने से बचें
मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश और गरज-चमक के दौरान किसानों एवं आम लोगों को खुले खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी है. वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लेने को कहा गया है.
