Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड से गुजरने वाली गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है. लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए जल संसाधन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है. नदी किनारे तटबंधों और बंडालों की मरम्मत का कार्य तेज कर दिया गया है. वहीं, स्थानीय लोगों में संभावित बाढ़ को लेकर चिंता बढ़ने लगी है.
43.50 मीटर पर पहुंचा गंगा का जलस्तर
जल संसाधन विभाग के मोहनपुर प्रखंड स्थित सरारी कैंप में तैनात सहायक अभियंता मनीष गुप्ता ने बताया कि सोमवार को गंगा नदी का जलस्तर 43.50 मीटर दर्ज किया गया. हालांकि यह अभी भी खतरे के निशान से करीब 2 मीटर नीचे है, लेकिन पिछले दो दिनों की स्थिरता के बाद जलस्तर में फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
उन्होंने बताया कि फिलहाल जलस्तर की प्रवृत्ति बढ़ने की बनी हुई है, इसलिए विभाग लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है.
तटबंधों की मरम्मत और निगरानी तेज
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने तटबंधों और बंडालों की मरम्मत का काम तेज कर दिया है. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.
हजारों जियो बैग किए गए तैयार
विभाग की ओर से हजारों मिट्टी से भरे जियो बैग सुरक्षित स्थानों पर भंडारित किए गए हैं. जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल तटबंधों को मजबूत करने और कटाव रोकने के लिए किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है.
ग्रामीणों में बढ़ी बाढ़ की चिंता
गंगा के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है. फिलहाल लोग प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं पर नजर बनाए हुए हैं.
यह भी पढ़ें: धर्म परिवर्तन और प्रेम विवाह के विवाद में हमला, रंगदारी व मारपीट की प्राथमिकी दर्ज
