समस्तीपुर: गंगा व वाया नदी खतरे के निशान से ऊपर, मोहिउद्दीननगर-मोहनपुर में घुसा पानी, 53 स्कूल बंद

समस्तीपुर में गंगा और वाया नदियों के बढ़ते जलस्तर ने बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा कर दी है. मोहिउद्दीननगर और मोहनपुर प्रखंडों में बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए हैं. 53 स्कूल अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं.

समस्तीपुर: गंगा और वाया नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि से मोहिउद्दीननगर और मोहनपुर प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. गंगा का पानी नये रिहायशी इलाकों में तेजी से फैलने लगा है. हजारों लोगों की जिंदगी प्रभावित हुई है. कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है, जबकि पशुपालक अपने मवेशियों के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं. कई इलाकों में लोगों की आवाजाही नावों के सहारे हो रही है.

जल संसाधन विभाग के सरारी कैंप पर तैनात सहायक अभियंता मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को गंगा का जलस्तर 47.75 मीटर दर्ज किया गया. यह खतरे के निशान 45.50 मीटर से 2.25 मीटर ऊपर है. जलस्तर की प्रवृत्ति अभी बढ़ने की है.

लगातार बढ़ते पानी के कारण बोचहा, दुबहा, रासपुर पतसिया पूरब, रासपुर पतसिया पश्चिम, महमद्दीपुर, कुरसाहा, हरैल, तेतारपुर, राजपुर जौनापुर, डुमरी दक्षिण और मोहिउद्दीननगर उत्तर पंचायतों के निचले हिस्सों में पानी फैलने के बाद अब रिहायशी इलाकों में भी दस्तक देने लगा है.

कई सड़कों पर चढ़ा गंगा और वाया नदी का पानी

गंगा और वाया नदी का पानी कई प्रमुख ग्रामीण सड़कों पर चढ़ गया है. इससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. प्रभावित सड़कों में जलालपुर-जौनापुर, बेरी-मटिऔर, विशनपुर-बेड़ी-जौनापुर-अदलपुर-दुबहा, दियारा मोड़-जौनापुर, अदलपुर-तेतारपुर, खनुआ सरहद, सुल्तानपुर पूरब टोल जाने वाली सड़क, महमद्दीपुर घटहाटोल, महमद्दीपुर बरुआ टोल, शंकर चौक-धर्मपुर, हरैल-चापर आनंदगोलवा-गोला पट्टी और चापर बाबा पट्टी सड़क शामिल हैं.

मोहिउद्दीननगर में 60, मोहनपुर में 55 जगह नाव परिचालन

एसडीएम विकास पांडेय ने बताया कि मोहिउद्दीननगर प्रखंड में 60 और मोहनपुर प्रखंड में 55 स्थानों पर नाव परिचालन की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. जिन इलाकों में आवागमन में परेशानी हो रही है, वहां भी जल्द नाव परिचालन शुरू करने का निर्देश दिया गया है.

उन्होंने कहा कि गंगा और वाया नदियों के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित लोगों के लिए स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है. वरीय पदाधिकारी स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं.

पशुओं के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन

पतसिया, घटहाटोल, सुल्तानपुर, हसनपुर, रजैसी, चापर, मटिऔर, जौनापुर और बघरा समेत दर्जनों स्थानों से पशुपालकों का अपने मवेशियों के साथ पलायन जारी है. पशुपालकों ने मोहिउद्दीननगर प्रखंड के उत्तरी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों को पशुशरण स्थली बनाया है.

विधायक राजेश कुमार सिंह के निर्देश पर पशुपालन विभाग की ओर से परशुराम उच्च विद्यालय नंदनी और पतसिया बांध पर रह रहे विस्थापित पशुपालकों के बीच सूखे चारे का वितरण किया गया.

विधायक ने पंचायत स्तरीय प्रतिनिधियों से प्रभावित लोगों की सूची पारदर्शिता के साथ तैयार कर स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि पॉलीथिन शीट का वितरण सुनिश्चित किया जा सके. उन्होंने कहा कि सरकार के पास पर्याप्त मात्रा में पॉलीथिन शीट उपलब्ध है.

मौके पर विधायक प्रतिनिधि रवीश कुमार सिंह, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. इंद्रशेखर कुमार, डॉ. हिमानी सिंह, डॉ. हरिलोचन कुमार, संजीत ठाकुर, रामचंद्र राय और कारी राय मौजूद थे.

तटबंधों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट

नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन तटबंधों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट है. धमौन बॉर्डर से पतसिया बांध तक विशेष निगरानी रखी जा रही है. रात के समय भी निगरानी जारी रखने की व्यवस्था की गयी है.

जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारियों ने तटबंधों का निरीक्षण किया. नदी के दबाव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है. विभाग ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने की बात कही है.

बाढ़ के कारण 53 विद्यालय बंद

गंगा और वाया नदियों में जलवृद्धि को देखते हुए बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर 53 विद्यालयों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है.

प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी श्रृष्टि सागर ने बताया कि मोहिउद्दीननगर प्रखंड के 32 विद्यालय बंद किये गये हैं. वहीं मोहनपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजू कुमार के अनुसार प्रखंड के 21 विद्यालयों को बंद किया गया है. संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों को निकटवर्ती विद्यालयों में प्रतिनियुक्त किया गया है.

आपदा पीड़ितों के बीच राहत किट बांटी

प्रखंड क्षेत्र के बदिया में बाढ़ से प्रभावित दर्जनों परिवारों के बीच गूंज और सूरज नारायण सेवा समिति के सौजन्य से राहत किट का वितरण किया गया. इस दौरान उमाशंकर सिंह, दिनकर प्रसाद राय, बीरेंद्र राम समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें

समस्तीपुर में बाढ़ का पानी स्कूलों तक पहुंचा, कई इलाकों में बढ़ी परेशानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >