प्रतिनिधि, विभूतिपुर : थाना क्षेत्र के पटपारा उत्तर वार्ड 2 के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे के कथित अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और छापेमारी शुरू कर दी है. पीड़ित सुनील कुमार गिरी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि घटना के समय वह किसी काम से घर से बाहर गये हुए थे. इसी बीच मुख्य आरोपी अजय कुमार गिरी उनकी पत्नी और बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. घर लौटने पर जब दोनों नहीं मिले, तो सुनील ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की. इस दौरान पीड़ित को पता चला कि उसकी पत्नी और बेटा आरोपी अजय कुमार गिरी के पास ही है. आरोप है कि जब वह अपनी पत्नी और बच्चे को वापस लेने आरोपी के घर पहुंचे, तो वहां मौजूद तीन अन्य लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया. इस मामले में विनोद गिरी, गौतम गिरी और नवीन कुमार को नामजद किया गया है. इन लोगों ने पीड़ित के साथ गालीगलौज की. मारपीट पर उतारू हो गये. जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने साफ कह दिया कि पत्नी और बेटा वापस नहीं मिलेंगे, तुम्हें जो करना है कर लो. पीड़ित ने पुलिस को दी गई अर्जी में यह भी उल्लेख किया है कि उनकी पत्नी घर से करीब 45 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवर भी अपने साथ ले गई है. पीड़ित ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी और बच्चे के साथ कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है या उन्हें किसी गलत कार्य में धकेला जा सकता है. प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. महिला और बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. सुनील कुमार झा थानाध्यक्ष, विभूतिपुर
पत्नी व बेटे के अपहरण मामले में प्राथमिकी दर्ज
विभूतिपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

प्रतीकात्मक AI तस्वीर