विभूतिपुर में ज्वेलरी दुकान में लूट का प्रयास, संचालक को गोली मारने के मामले में प्राथमिकी दर्ज

समस्तीपुर के विभूतिपुर में दिनेश ज्वेलर्स एंड सन्स के संचालक दिनेश साह को गोली लगने और लूट के प्रयास के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है. अज्ञात बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Samastipur News: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट ब्लॉक रोड स्थित पंचवटी चौक पर यूनियन बैंक के सामने स्थित दिनेश ज्वेलर्स एंड सन्स के संचालक दिनेश साह को गोली लगने और कथित लूट के प्रयास के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मामले में अज्ञात बदमाशों को आरोपित बनाया गया है. पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है.

फर्द बयान में दुकान संचालक ने क्या बताया

समस्तीपुर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दिए गए फर्द बयान में दिनेश साह ने बताया कि 16 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान पंचवटी चौक की ओर से एक सफेद बोलेरो दुकान के सामने आकर रुकी.

उनके अनुसार, बोलेरो में करीब आठ लोग सवार थे, जिनमें से पांच दुकान के पास पहुंचे. शिकायत के मुताबिक चार लोगों ने चेहरे पर गमछा और एक ने मास्क पहन रखा था. उन्होंने बताया कि चार बदमाशों के पास पिस्टल जैसे हथियार और एक के पास कार्बाइन जैसा हथियार था.

लॉकर की चाबी मांगने का आरोप, गोली लगने से घायल

दिनेश साह ने अपने बयान में आरोप लगाया कि बदमाशों ने हथियार के बल पर लॉकर की चाबी मांगी और लॉकर खोलने को कहा. जब उन्होंने कहा कि दुकान का मालिक वहां नहीं है, तो कथित तौर पर एक बदमाश ने उन पर गोली चला दी.

गोली उनके बाएं पैर में घुटने के ऊपर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद बदमाश कथित रूप से दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग करते हुए बोलेरो से विभूतिपुर थाना की ओर जाने वाली सड़क से फरार हो गए.

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच

घायल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया.

पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.

फर्द बयान में दिनेश साह ने घटना के बाद अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Krishan mohan pathak

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >