जमीन विवाद में खूंटा गाड़ने से शुरू हुआ बवाल, दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप

समस्तीपुर के कोरबद्धा टभका में भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है. एक पक्ष ने मारपीट और सिर फोड़ने का आरोप लगाया, तो दूसरे ने पिस्तौल दिखाकर धमकाने और हत्या के प्रयास का दावा किया है. पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है.

Samastipur News: थाना क्षेत्र के कोरबद्धा टभका वार्ड संख्या-5 में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है. एक पक्ष ने जमीन पर जबरन खूंटा गाड़ने का विरोध करने पर मारपीट कर लोहे के औजार से सिर फोड़ने का आरोप लगाया है. वहीं दूसरे पक्ष ने पिस्तौल दिखाकर धमकाने, जबरन सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है. पुलिस ने एक पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि दूसरे पक्ष के आवेदन की जांच की जा रही है.

Vibhutipur News: खूंटा गाड़ने का विरोध करने पर मारपीट का आरोप

प्रथम पक्ष के मंजय लाल महतो ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि 14 जुलाई को संजीत कुमार उर्फ संजू उन्हें घर के पास स्थित जमीन पर ले गया और जमीन को अपना बताते हुए वहां रखे सामान हटाने के लिए कहा. विरोध करने पर संजीत कुमार ने जबरन खूंटा गाड़ना शुरू कर दिया. आरोप है कि रामविलास महतो, मनीष कुमार और संदीप कुमार भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडे से मारपीट की. संजीत कुमार और रामविलास महतो पर लोहे के औजार से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया है.

दूसरे पक्ष ने पिस्तौल से धमकाने का लगाया आरोप

दूसरे पक्ष की संगम कुमारी ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया कि 10 जुलाई को मंजय लाल महतो सहित अन्य लोग उनके घर पहुंचे और पिस्तौल दिखाकर पूरे परिवार को धमकाया. आवेदन में उन्हें डायन बताने और विवेक को बीमार करने का आरोप लगाने की भी बात कही गई है. महिला का आरोप है कि 14 जुलाई को आरोपित फिर घर पहुंचे, इलाज में खर्च हुए 60 हजार रुपये की मांग की और पिस्तौल के बल पर उनसे, उनके पति तथा गोतनी से सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराए. साथ ही उन्हें पटककर गला दबाने का प्रयास भी किया गया.

पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की कर रही जांच

थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. वहीं दूसरे पक्ष की ओर से प्राप्त आवेदन की भी जांच की जा रही है. दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: नामापुर दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, कुख्यात आरोपी गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Krishan mohan pathak

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >