जिला नागरिक परिषद प्रशासन व आमजन के बीच सशक्त समन्वय स्थापित करने का प्रभावी मंच : प्रभारी मंत्री

समस्तीपुर में जिला नागरिक परिषद की पहली बैठक आयोजित। प्रभारी मंत्री दामोदर रावत ने प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

प्रतिनिधि, समस्तीपुर : मंत्री, परिवहन विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, समस्तीपुर दामोदर रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में जिला नागरिक परिषद की प्रथम बैठक आयोजित की गई. कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. बैठक के प्रारंभ में जिला नागरिक परिषद के अध्यक्ष सह प्रभारी मंत्री का स्वागत किया गया. इसके साथ ही परिषद के सभी सदस्यों, उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया.अपने अध्यक्षीय संबोधन में  प्रभारी मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि जिला नागरिक परिषद का गठन शासन, प्रशासन एवं आमजन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनसहभागिता के माध्यम से विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है. उन्होंने कहा कि परिषद के सदस्य समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा. उन्होंने कहा कि परिषद के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, जनअपेक्षाओं एवं विकास संबंधी सुझावों से प्रशासन को अवगत कराते हुए विकास कार्यों की निगरानी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में रचनात्मक भूमिका निभाएं उन्होंने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला नागरिक परिषद के उद्देश्यों के अनुरूप परिषद के सदस्यों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके.बैठक के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन)  राजेश सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण  के माध्यम से जिला नागरिक परिषद के गठन का उद्देश्य, इसकी कार्यप्रणाली, परिषद के सदस्यों की भूमिका एवं दायित्व तथा जनहित से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उनके संभावित योगदान की विस्तारपूर्वक जानकारी दी. उन्होंने बताया कि परिषद शासन एवं समाज के मध्य संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है तथा इसके माध्यम से प्राप्त सुझावों के आधार पर विकास योजनाओं एवं लोकसेवाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा. बैठक में परिषद के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न जनहित के विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गये. प्रभारी मंत्री ने सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा कहा कि जिला नागरिक परिषद को जनसरोकारों के समाधान का प्रभावी मंच बनाया जाएगा.बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जिला नागरिक परिषद के अध्यक्ष मंत्री, परिवहन विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, समस्तीपुर जिला दामोदर रावत हैं. परिषद के उपाध्यक्ष वृंद शाह एवं सुनील कुमार हैं. परिषद के अन्य सदस्यों में अनिल कुमार सिंह 'बाबा',  प्रेमलता, प्रेम पासवान, रणजीत कुमार, छेदीलाल भरतिया, मोहम्मद तौहीद अंसारी, रूपांजलि, मोहन मल्लिक, राकेश कुमार राज, विशुनदेव सिंह तथा बैजनाथ झा शामिल हैं.बैठक में विधायक, रोसड़ा  वीरेंद्र कुमार, विधायक, समस्तीपुर अश्वमेघ देवी,  महापौर, नगर निगम समस्तीपुर अनीता राम, जिले के सभी नगर परिषदों के अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक  अरविंद प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता  ब्रजेश कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक का समापन जिला नागरिक परिषद के उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों द्वारा समन्वित एवं सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Girija nandan sharma

Published by: Janardan Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >