समस्तीपुर: जिले के उजियारपुर प्रखंड में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति से जुड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता के जाली हस्ताक्षर से शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति से संबंधित एक पत्र जारी किये जाने का मामला सामने आया है. मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई के निर्देश दिये हैं.
चार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति दर्शाने वाला पत्र फर्जी
जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने उजियारपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को आधिकारिक पत्र जारी कर मामले में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. विभाग के अनुसार, मध्य विद्यालय ब्रह्मवाना के शिक्षक अमित कुमार वर्मा और रंजना कुमारी तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय भजनपट्टी की शिक्षिका ममता कुमारी और शिक्षक अमित कुमार की प्रतिनियुक्ति उत्क्रमित मध्य विद्यालय विरनामा रही, उजियारपुर में दर्शायी गयी थी.
शिक्षा विभाग ने उक्त प्रतिनियुक्ति पत्र को फर्जी और तथ्यहीन बताया है. विभाग के अनुसार, पत्र पर जिला शिक्षा पदाधिकारी के जाली हस्ताक्षर किये गये हैं.
BEO को ऑन-स्पॉट जांच का निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीईओ ने बीईओ उजियारपुर को संबंधित विद्यालयों, शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के संबंध में स्थलीय जांच करने का निर्देश दिया है. विभाग ने जांच पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है. इसके साथ ही फर्जीवाड़े में संलिप्त दोषी शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है.
दोषियों पर FIR कराने का आदेश
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि जांच के दौरान दोषी पाये जाने वाले शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी जाये. साथ ही विभाग को जल्द से जल्द अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया है.
फर्जी प्रतिनियुक्ति पत्र और जाली हस्ताक्षर का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है. अब विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि फर्जी पत्र तैयार करने और जारी करने के पीछे कौन लोग शामिल थे.
