Samastipur : टीसी के पेच में फंसा बच्चों का नामांकन

सरकारी स्कूलों के बच्चों का शिक्षा विभाग से टीसी नहीं आने की वजह से आठवीं पास बच्चों का नौवीं में नामांकन नहीं हो पा रहा है.

Samastipur : समस्तीपुर . शिक्षा विभाग की दोषपूर्ण नीति एवं विभागीय उदासीनता का हाल यह है कि एक ओर राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत प्रारंभिक विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर विद्यालयों में समय पर स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) उपलब्ध नहीं कराने के कारण नौवीं कक्षा में नामांकन कराने के लिए छात्रों के साथ उनके अभिभावक भी परेशान हो रहे हैं. सरकारी स्कूलों के बच्चों का शिक्षा विभाग से टीसी नहीं आने की वजह से आठवीं पास बच्चों का नौवीं में नामांकन नहीं हो पा रहा है. शिक्षा विभाग द्वारा कहा गया था कि ई शिक्षा कोष पर टीसी भी उपलब्ध रहेगा लेकिन अब तक वह भी अनुपलब्ध है. सत्र 2025-26 में आठवीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का नौवीं में विभागीय निर्देशानुसार नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ है. आठवीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को नौवीं में नामांकन के लिए आठवीं उत्तीर्ण होने वाले संबंधित प्रारंभिक विद्यालय का स्थानान्तरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है. प्रमाण पत्र प्रारंभिक विद्यालय को उपलब्ध नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को स्थानांतरण प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहा है. डीपीओ एसएसए मानवेंद्र कुमार राय ने कहा कि संबंधित स्कूल अपने विद्यालय के आठवीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का अपने विद्यालय के नजदीक के माध्यमिक विद्यालय में नामांकन कराने को लेकर बच्चों की पूर्ण विवरणी के साथ सूची उपलब्ध कराएंगे. बावजूद कुछ टीसी की मांग कर रहे हैं. बताते चलें कि कुछेक विद्यालयों के पास पुराना टीसी बचा हुआ है तो वे छात्रों को उपलब्ध करा रहे हैं लेकिन अधिकांश विद्यालयों के पास टीसी उपलब्ध नहीं है. बता दें कि एक अप्रैल से नया सत्र शुरू हो चुका है. नये सत्र में सैकड़ों बच्चे आगे की कक्षा में नामांकन दूसरे स्कूलों में लेते हैं. स्कूल बदलने में उन्हें टीसी की जरूरत होती है. पहले दाखिला लेने में दिक्कतें नहीं होती थी, लेकिन शिक्षा विभाग द्वारा सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है. छात्र जब टीसी लेकर दूसरे स्कूल में दाखिले के लिए जाएंगे तो पहले टीसी से संबंधित स्कूल की संबंधता देखी जायेगी. इस दौरान देखा जायेगा कि स्कूल के पास यू-डायस नंबर है या नहीं है. स्कूल ने अभी तक ई-संबंधन में निबंधन करवाया हैं या नहीं. यदि स्कूल में पास ये सारा कुछ नहीं होगा तो ऐसे स्कूल के टीसी को अमान्य घोषित कर दिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DIGVIJAY SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >