Mohiuddinnagar News: प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का शनिवार को रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने औचक निरीक्षण किया. समिति सदस्य रुक्मिणी देवी के नेतृत्व में हुए निरीक्षण के दौरान आमजन से मिली शिकायतों के आधार पर विशेष रूप से प्रसव कक्ष से किए जा रहे रेफर मामलों की जांच की गई.
रेफर मामलों में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका की जांच
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने प्रसव कक्ष से रेफर किए गए मरीजों के मामलों में कुछ आशा कार्यकर्ताओं की कथित संलिप्तता की पड़ताल की. सदस्यों ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार से स्वास्थ्य मंत्री द्वारा रेफर मामलों को लेकर जारी निर्देशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही यदि जांच में किसी आशा कार्यकर्ता की भूमिका सामने आती है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की.
निजी नर्सिंग होम भेजने के आरोप
समिति के सदस्यों ने कहा कि शिकायतें मिली हैं कि प्रसव कक्ष से महिला मरीजों को रेफर किए जाने के बाद कुछ आशा कार्यकर्ता कथित रूप से निजी नर्सिंग होम संचालकों के प्रभाव में आकर उन्हें वहां भर्ती कराने के लिए प्रेरित करती हैं. उनका कहना था कि इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं. इन आरोपों की जांच की जा रही है.
अस्पताल भवन की स्थिति भी परखी
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभिन्न कमरों में बारिश के समय हो रहे पानी के रिसाव का भी जायजा लिया गया. समिति ने स्वास्थ्य प्रबंधक को रिसाव की समस्या का शीघ्र समाधान कराने तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान जितेश कुमार सिन्हा, संतोष कुमार पासवान, अशोक राम, राम कुमार सिंह, नवनीत कुमार और राजीव कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
