Mufassil Police: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख मोहल्ला स्थित समस्तीपुर-गंगापुर मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी से पिस्टल के बल पर 86 हजार 750 रुपये लूट लिए. वारदात धुरलख पुल से पहले आसीनपुर गांव जाने वाले मोड़ के समीप हुई.
ग्राहकों से किस्त वसूलकर लौट रहे थे कर्मचारी
पीड़ित की पहचान हलई थाना क्षेत्र के मरिचा गांव निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है. वह मोहनपुर स्थित एलएनटी फाइनेंस शाखा में फील्ड लोन ऑफिसर (एफएलओ) के पद पर कार्यरत हैं.
नीरज कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सोमवार को वह गंगापुर क्षेत्र में ग्राहकों से ऋण की किस्त वसूलने गए थे. उन्होंने 19 ग्राहकों से कुल 86 हजार 750 रुपये का संग्रह किया और नकदी बैग में रखकर बाइक से कार्यालय लौट रहे थे.
पिस्टल दिखाकर छीना नकदी से भरा बैग
आवेदन के अनुसार, धुरलख पुल से पहले आसीनपुर गांव जाने वाले मोड़ के पास पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक आए और उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया.
पीड़ित का आरोप है कि दो बदमाश बाइक से उतरकर उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और बाइक की डिक्की में रखा नकदी से भरा बैग छीन लिया. बैग में नकदी के अलावा आधार कार्ड, मोबाइल चार्जर और रेनकोट भी रखा था.
घटना के बाद फरार हुए बदमाश
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपित आसीनपुर की ओर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद ने कहा कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
