Samsatipur : अपार'''''''' आईडी निर्माण की प्रक्रिया धीमी, 63.18 फीसदी छात्रों का ही बना अपार कार्ड

जिले के सरकारी व निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की अपार आइडी बनाने का प्रोसेस काफी धीमा है.

Samsatipur : समस्तीपुर . जिले के सरकारी व निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की अपार आइडी बनाने का प्रोसेस काफी धीमा है. दिसंबर की शुरुआत से ही बच्चों की अपार आईडी बनाने को लेकर अभियान जारी है. तमाम प्रयास के बावजूद अब तक जिले में महज 63.18 फीसदी बच्चों का ही अपार नंबर जेनरेट हो सका है. रिपोर्ट के अनुसार, जिले के 3436 विद्यालयों में पहली से 12वीं तक कुल 8 लाख 35 हजार 553 बच्चों का नामांकन है. अब तक इसमें 5 लाख 27 हजार 933 बच्चों का ही अपार कार्ड बन पाया है. निजी विद्यालयों में अपार कार्ड बनाने की रफ्तार काफी धीमी है. वहीं 117 विद्यालय ऐसे हैं जिन्होंने नामांकित बच्चों का अपार कार्ड निर्माण करने की प्रक्रिया ही शुरू नहीं की है. अपार कार्ड बनाने की रफ्तार में तेजी लाने के लिए स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर अजय यादव ने डीइओ को निर्देश दिया है. निर्देश के मुताबिक एक से बारहवीं कक्षा तक के सभी नामांकित छात्रों का अपार कार्ड 15 अप्रैल तक बना लेना है. इसके लिए प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने 10 व 11 अप्रैल को विशेष अभियान चलाने का निर्देश डीइओ को दिया है.

बच्चों की डेटा में भिन्नता के चलते नही बन रहा अपार कार्ड

विद्यालयों में अपार कार्ड का फरमान शिक्षकों व अभिभावकों के लिए मुसीबत का कारण बन गया है. डेटा में भिन्नता होने के चलते छात्रों का कार्ड जेनरेट नही हो रहा है. जबकि विभाग के वरीय अधिकारियों द्वारा शिक्षकों को दंडित किया जा रहा है. वही छात्रों के परिजन इस मामले में अनभिज्ञ है. विभाग का कहना है कि एक राष्ट्र एक पहचान दिलाने के लिए यह योजना चलाई जा रही है. शिक्षकों का कहना है कि यू-डायस पोर्टल पर जो डेटा है, उसका मेल छात्रों के आधार कार्ड से नहीं खाता है. मसलन जन्म तिथि व नाम में भिन्नता है. अधिकांश छात्र ऐसे है जिनके पास आधार कार्ड नहीं है. 38 फीसदी ऐसे छात्र है, जिनका जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना है. जिससे उनका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है. वहीं कुछ छात्र ऐसे हैं, जिनका डेटा यू डायस पोर्टल पर नहीं है. इन परेशानियों के चलते अपार कार्ड जेनरेट नही हो रहा है. डीपीओ एसएसए मानवेंद्र कुमार राय ने कहा कि अपार आइडी कार्ड से छात्रों को अपने शैक्षणिक रिकॉर्ड को ट्रैक करने और डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी. यह कार्ड छात्रों के लिए आजीवन एक पहचान संख्या के रूप में कार्य करेगा. जिससे उनका शैक्षणिक डेटा हमेशा संगठित रहेगा. शिक्षक छात्रों व अभिभावकों अपार कार्ड के फायदे के बारे में बतायें और जागरूकता के साथ मिसमैच डाटा में संशोधित कराए. दरअसल, वर्तमान व्यवस्था में शैक्षणिक दस्तावेजों में हेर फेर करना और फर्जीवाड़ा करना आसान है. कई बार लोग फर्जी अंकसूची और दस्तावेज तैयार कर उच्च शैक्षणिक संस्थानों में एडमिशन और नौकरी भी पा लेते हैं, लेकिन अब हर छात्र की अपार आईडी बनने से महज एक क्लिक पर छात्र के पूरे एकेडमिक रिकॉर्ड की जानकारी कंप्यूटर स्क्रीन पर होगी. जिससे शैक्षणिक व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ ही फर्जीवाड़े की संभावना नहीं होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DIGVIJAY SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >