सरायरंजन : प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय झखड़ा पतैली के प्रधानाध्यापक के साथ गालीगलौज एवं मारपीट की घटना से आक्रोशित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मंगलवार को विद्यालय बंद कर सरायरंजन बीआरसी में धरना दिया. धरनार्थियों का कहना था कि गांव के ही विजय कुमार झा ने सोमवार की शाम विद्यालय के प्रधानाध्यापक अविनाश कुमार रंजन पर उस समय घात लगाकर हमला बोल दिया जब वे विद्यालय बंद करने के पश्चात अपनी कार में सवार होकर समस्तीपुर लौट रहे थे. हमलावर ने एचएम के साथ गालीगलौज व जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए ना केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था. इतना ही नहीं, प्रधानाध्यापक के साथ लूटपाट की घटना को भी अंजाम दिया गया. धरने पर बैठे शिक्षकों का यह भी कहना था कि घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपित युवक के विरुद्ध न तो प्राथमिकी दर्ज हुई है न ही उसकी गिरफ्तारी हुई है. जबकि आरोपित युवक पूर्व में भी कई बार इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
