– पलभर में मातम में बदला शादी का माहौल – सरायरंजन के अख्तियारपुर में हुई घटना सरायरंजन . थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर में गुरुवार को अहले सुबह एक शादी की रस्म अदा करने के दौरान कुएं में डूबने से एक युवती की मौत हो गई. उसकी पहचान कल्याणपुर थाने के प्रतापपुर निवासी अवधेश कुमार पोद्दार की पुत्री गुड़िया कुमारी (18 ) के रूप में की गई है. वह अपने मामा चंदन पोद्दार की शादी समारोह में भाग लेने अपने ननिहाल अख्तियारपुर आयी थी. गुरुवार को सुबह शादी की एक रस्म पानिकट्टी के लिए वह अपने रिश्तेदारों के साथ कुएं पर गयी थी. पानिकट्टी की रस्म अदायगी के दौरान अचानक उसका पांव फिसल गया. इससे वह कुएं में जा गिरी. जब तक ग्रामीण युवती को बाहर निकालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. बता दें कि वह पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी. युवती की मौत से अख्तियारपुर सहित आसपास के क्षेत्र में मातम पसर गया है. शादी की शहनाई की खुशी मातम में बदल गई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
