समस्तीपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाहरणालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने किया. इसके पूर्व जिलाधिकारी द्वारा महिला सशक्तिकरण से संबंधित जागरूकता रैली को समाहरणालय परिसर से रवाना किया गया. इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा बाल विकास परियोजना ,शिक्षा विभाग, खेल विभाग एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में जिला ,राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुल 59 बालिकाओं व महिलाओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया. जिलाधिकारी ने कहा कि आज के समय में महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर है एवं किसी क्षेत्र में वह पुरुषों से किसी भी तरह कम नहीं है. इसके साथ उन्होंने पुरस्कार पाने वाली बालिकाओं एवं महिलाओं से अनुरोध किया कि वह अपने माध्यम से भी अन्य महिलाओं को जागरूक करें जिससे वह भी समाज के प्रत्येक क्षेत्र में काम करें तथा अपने गांव,समाज,जिला,राज्य तथा देश का नाम रोशन करें. इस अवसर पर अपर समाहर्ता अजय कुमार तिवारी ,जिला प्रोग्राम पदाधिकारी समस्तीपुर, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी , जिला आपूर्ति पदाधिकारी महमूद आलम सहित विभिन्न पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े हुए पदाधिकारी व कर्मी तथा पुरस्कार पाने वाली महिलाएं बालिकाएं उपस्थित रही.कार्यक्रम में 20 महिला सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
