समस्तीपुर. अगले 72 घंटे के दौरान तराई क्षेत्र में हल्की से मध्यम दर्जे की बरसात हो सकती है. उत्तर बिहार के शेष जिलों में चार जुलाई के आसपास हल्की वर्षा हो सकती है. राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा से जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि पूर्वानुमान की अवधि में बिहार के जिलों में आम तौर पर मध्यम दर्जे के बादल आसमान में तैरते रहेंगे. यदा कदा यह सघन रुप ले सकता है. इस दौरान छह से 14 किलो मीटर प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है. न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा.
इसी तरह अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. आसमान में लगातार उमर रहे बादलों के कारण उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहेगा. बुधवार को अधिकतम तापमान 33.5 व न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. मौसम के मिजाज को भांप कर कृषि वैज्ञानिकों ने धान का बिचड़ा अविलंब गिराने का सुझाव दिया है. जिन किसानों के पास धान के बिचड़े तैयार उपलब्ध हैं व सिंचाई के साधन मौजूद हैं उन्हें धानरोपनी करते चलें. आने वाले समय में बारिश को ध्यान में रख कर खेतों के मेड़ों को मजबूती से बांध देने को कहा है.
बरसाती सब्जियों की बोआई के लिए मौसम को पूरी तरह से अनुकूल बताया है. अरहर की बोआई के लिए खेत की तैयारी आरंभ करने की सलाह दी है. दूसरी ओर जारी मौसम को देखते हुए पशु चिकित्सकों ने मवेशियों को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण कराने का सुझाव दिया है.
