समस्तीपुर : जिले के बिथान थाना क्षेत्र के छेछनी गांव में सोमवार की रात कर स्व. सिंघेश्वर यादव की पत्नी सुनीता देवी (35) की गोली मार हत्या कर दी गयी. घटना के पीछे आपसी विवाद कारण बताया गया है. मामले में मृतका के पुत्र बबलू कुमार के बयान पर स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
इसमें गांव के ही पप्पू यादव व कामेश्वर यादव सहित दो अज्ञात को आरोपित किया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
उधर, वारिसनगर थाना क्षेत्र के छतेनश्वर गांव में रविवार देर रात भाइयों ने मिलकर छोटे भाई की जमकर पिटाटी कर दी. इससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना का कारण छोटे भाई के पिता से घर बनाने के लिए दस हजार रुपये की मांग करना है. बताया जाता है कि चार बड़े भाइयों को यह बात रास नहीं आयी. विवाद शुरू होने के बाद चारों भाइयों ने मिलकर छोटे भाई की पिटायी कर दी, जिससे उसकी मौत हो गयी.
घबराये घरवालों ने मृतक की पत्नी के विरोध के बावजूद उसके शव को ले जाकर चौर में जला दिया. इसके बाद मृतक की पत्नी बबीता देवी ने थाने पहुंच कर प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें पति के चार बड़े भाइयों को नामजद किया है.
