समस्तीपुर कोर्ट परिसर में राजद नेता पर फायरिंग

समस्तीपुर : समस्तीपुर कोर्ट के परिवार न्यायालय में हाजिरी देकर निकलते ही राजद के बाहुबली नेता अशोक यादव पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस घटना में वह बाल-बाल बच गये. लेकिन, पुलिस के पीछा करने पर भाग रहे अपराधियों द्वारा चलायी गोली से कोर्ट का एक कर्मी घायल हो गया. घटना के बाद कोर्ट […]

समस्तीपुर : समस्तीपुर कोर्ट के परिवार न्यायालय में हाजिरी देकर निकलते ही राजद के बाहुबली नेता अशोक यादव पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस घटना में वह बाल-बाल बच गये.

लेकिन, पुलिस के पीछा करने पर भाग रहे अपराधियों द्वारा चलायी गोली से कोर्ट का एक कर्मी घायल हो गया. घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गयी जिसका फायदा उठाकर अपराधी भाग गये. घटनास्थल के पास मौजूद एक युवक ने अपराधियों की गोली से घायल कर्मी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. जख्मी कर्मी सब जज वन का चतुर्थवर्गीय कर्मचारी प्रभु प्रकाश टोप्पो है. गोली उसके जबड़े को चीरती हुए निकल गयी है. घटना सोमवार की दोपहर करीब 2.45 बजे हुई.

अशोक के गर्दन के बगल से निकली गोली : जानकारी के अनुसार, अशोक यादव को रोसड़ा उपकारा से प्रोडक्शन पर परिवार न्यायालय में विवाह विच्छेद वाद संख्या 95/18 में उपस्थित कराने के लिए गया था. हाजिरी के बाद जैसे से ही पुलिसकर्मी अशोक यादव को लेकर बाहर निकले कि गेट पर पूर्व से घात लगाये तीन अपराधियों ने उस पर पिस्टल से फायरिंग कर शुरू कर दी.

संयोग से अपराधियों की गोली उसकी गर्दन के बगल से निकल कर दीवाल में जा लगी. इसके बाद पुलिसकर्मी उसे लेकर न्यायालय में भाग खड़े हुए. फायरिंग करने के बाद एक अपराधी भीड़ के बीच होकर भागा. वहीं, दो अपराधी कचहरी सड़क से काशीपुर की ओर भागे.

पुलिस का एक जवान भाग रहे अपराधियों को खदेड़ने का प्रयास किया, तो अपराधियों ने उस पर भी फायरिंग की. पुलिस के जवान ने भी एक राउंड जवाबी फायरिंग की. लेकिन, भीड़ का फायदा उठाकर अपराधी भाग गये. अपराधियों की फायरिंग में हनुमान मंदिर के समीप सड़क किनारे सब्जी खरीद रहे कोर्ट कर्मी प्रभु प्रकाश टोप्पो को एक गोली लग गयी.

उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. नगर थाना पुलिस एवं सदर डीएसपी प्रितिश कुमार के साथ एसपी विकास बर्मन भी घटनास्थल पर पहुंचे. एसपी ने घटना को लेकर परिवार न्यायालय के न्यायाधीश से बात करने के बाद अशोक यादव से घटना की जानकारी ली. पुलिस घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >