पहली सितंबर से लागू होगी व्यवस्था
समस्तीपुर : आइआरसीटीसी अगामी 1 सितंबर से रेल टिकटों के किराया में कंवेंशियल शुल्क लगाने जा रहा है. इसमें नन एसी के रेल किराया में 15 रुपये प्रति टिकट के हिसाब से चार्ज लगाया गया है. जबकि एसी व फर्स्ट क्लास के श्रेणी में यह चार्ज 30 रुपये रखा गया है. इसके अलावा यात्रियों को इस किराया के साथ जीएसटी शुल्क अलग से अदा करना होगा.
इस बाबत आइआरसीटीसी के जीजीएम सुनील कुमार ने रेल मंडल को पत्र भेजते हुए नयी व्यवस्था की सूचना दी है. यह व्यवस्था सिर्फ ऑनलाइन रूप से टिकट बुक कराने पर लागू होगी. इस बाबत समस्तीपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम विरेंद्र कुमार ने कहा कि नये परिवर्त्तन की सूचना रेल मंडल को उपलब्ध हो गयी है. ऑनलाइन माध्यम से सभी तरह की टिकट बुकिंग में यह व्यवस्था की गयी है.
अब पैंट्रीकार के साथ चलेगी पूरबिया एक्सप्रेस: पूरबिया एक्सप्रेस को अब वैशाली एक्सप्रेस के तर्ज पर रैक कंपोजिशन दिया जायेगा. सहरसा से रवाना होने वाली पूरबिया एक्सप्रेस को इस कंपोजिशन के साथ 1 सितंबर से रवाना किया जायेगा. जबकि आनंद विहार से खुलने वाली पूरबिया एक्सप्रेस को इस कंपोजिशन के साथ 2 सितंबर को रवाना किया जायेगा. वैशाली एक्सप्रेस में जहां 3 जनरल कोच होती थी वहीं पूरबिया एक्सप्रेस की सामान्य कोच की संख्या को भी घटाकर 5 से 3 कर दिया गया है.
जबकि स्लीपर क्लास में 12 की जगह अब 9 कोच शामिल होगी. वतानुकूलित तृतीय श्रेणी के कोच की संख्या को बढाकर 2 से 3 कर दिया गया है. वही एस 2 की भी कोच संख्या 1 से बढकर अब 2 कर दी गयी है. जबकि फर्स्ट कम 2 एसी व फर्स्ट एसी की एक-एक कोच अब पूरबिया एक्सप्रेस को दी गयी है. जबकि 1 सितंबर से पूरबिया एक्सप्रेस को भी पैंट्रीकार की सुविधा दे दी गयी है.
