कल्याणपुर : चकमेहसी थाना क्षेत्र के उत्तरा सारी गांव में आम के बगीचे से नित्यानंद त्रिवेदी के 35 वर्षीय पुत्र केशव कुमार का शव शुक्रवार को बरामद हुआ है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है. ग्रामीणों के अनुसार केशव कुमार बंगलोर स्थित फार्म में काम करने के लिए गया हुआ था.
कुछ दिनों पूर्व ही वह घर वापस लौटा था. लौटने के बाद से ही लगातार एकाकी जीवन जी रहा था. ग्रामीणों की माने, तो आम के बगीचे में आम की देखरेख के लिए वह घर से जाया करता था. इसी क्रम में दोपहर के करीब कुछ लोगों द्वारा आम के पेड़ के ऊपरी हिस्से में फंदे से लटकता हुआ युवक दिखाई दिया. धीरे-धीरे यह खबर गांव में फैली.
लोगों ने इसकी सूचना चकमेहसी पुलिस को दी. जिसके बाद चकमेहसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेते हुए कार्रवाई आरंभ कर दी है. गांव के कई लोग दबे जुबान हत्या की बात भी कर रहे हैं. वैसे चकमेहसी पुलिस आत्महत्या का मामला मान कर चल रही है.
