समस्तीपुर :चुनाव आचार संहिता का पेच रेलवे की ओर से दी जाने वाले लेटर ऑफ ऑडर पर फंसता दिखाई दे रहा है. रेल मंडल के विभिन्न विभागों ने फिलहाल संवेदकों को लेटर ऑफ आर्डर जारी करने से बच रही है. जिसके कारण कई निर्माण कार्यों की शुरुआत नहीं हो पायेगी. इस बात पूछे जाने पर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग के एसीएम कैटरिंग पीआरपी सिंह ने बताया कि आचार संहिता के कारण नये कार्यों के लिये लेटर ऑफ आर्डर विभाग नहीं जारी कर रहा है.
चुनाव के बाद ही इसे जारी किया जा सकता है. बता दें कि रेल मंडल अपने विभिन्न कार्यों को पंजीकृत संवेदकों के माध्यम से कराती है. इसके लिये बकायदा निविदा प्रक्रिया का पालन किया जाता है. निविदा में सफल बोली लगाने वाले संवेदक उस कार्य को करने के लिये अधिकृत हो जाते हैं. जिसके बाद निविदा के सभी शर्तों को पूरा करने वाले संवेदक को विभाग की ओर से कार्य करने की अनुमति प्रदान की जाती है.
यह अनुमति ही लिखित रुप से लेटर ऑफ आर्डर के माध्यम से संवेदकों को मिलती है. जब तक लेटर ऑफ ऑडर जारी नहीं होता है तब तक संवेदक कार्य करने के लिये अधिकृत नहीं होते हैं. इस लेटर ऑफ आर्डर के कारण वाणिज्य विभाग, यांत्रिक विभाग, अभियंत्रण विभाग की कई योजनाओं पर इसका असर दिख सकता है.
