समस्तीपुर : दो की मौत से फूटा गुस्सा, वाहनों को फूंका, पुलिसकर्मियों को पीटा

समस्तीपुर के मोरवा केवल स्थान मेले में घुसा अनियंत्रित ट्रक मोरवा (समस्तीपुर) : हलई ओपी की इंद्रवारा पंचायत स्थित केवल स्थान राजकीय मेले में शुक्रवार की रात अनियंत्रित ट्रक ने दो श्रद्धालुओं को कुचल दिया. इसमें मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाने के टुनटुन सहनी की पत्नी सुनीता उर्फ रीना देवी व सुरेंद्र महतो की पत्नी […]

समस्तीपुर के मोरवा केवल स्थान मेले में घुसा अनियंत्रित ट्रक
मोरवा (समस्तीपुर) : हलई ओपी की इंद्रवारा पंचायत स्थित केवल स्थान राजकीय मेले में शुक्रवार की रात अनियंत्रित ट्रक ने दो श्रद्धालुओं को कुचल दिया. इसमें मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाने के टुनटुन सहनी की पत्नी सुनीता उर्फ रीना देवी व सुरेंद्र महतो की पत्नी शैला देवी की मौके पर ही मौत हो गयी. साथ ही दर्जनों लोग घायल हो गये, जिन्हें विभिन्न अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इस घटना से आक्रोशित श्रद्धालुओं ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक समेत आधा दर्जन वाहनों को फूंक दिया. सीओ व पुलिस जीप को भी तोड़ दिया. बेकाबू होती भीड़ को समझाने आये पुलिसकर्मियों को लोगों ने सामुदायिक भवन में बंधक बनकर पिटाई कर दी.
वहीं, स्वास्थ्य सेवा में जुटे डाॅ विजय कुमार व लैब टेक्नीशियन विजय कुमार की भी पिटाई कर दी. इससे भी उनका आक्रोश ठंडा नहीं हुआ, तो सामुदायिक भवन में पुलिस वालों को बंदकर आग लगाने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस ने फायरिंग शुरू कर दी. सूचना है कि पुलिस ने आठ राउंड फायरिंग की है.
फेल हो गयी थी ट्रक की स्टेयरिंग
सुरक्षा नियमों को धत्ता बताते हुए ट्रक मंदिर के करीब बने सामुदायिक भवन के पास पहुंच गया. वहां से ट्रक को मोड़ने के दौरान स्टेयरिंग व ब्रेक फेल हो गया. इसके बाद अनियंत्रित ट्रक ने सामुदायिक भवन परिसर में बैठी महिलाओं को कुचल दिया. इसके बाद ट्रक के चक्के के नीचे एक बाइक आ गयी, जिससे उसकी रफ्तार कम हुई. यदि ट्रक की स्पीड कम नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. इस दौरान अफरातफरी मच गयी.
वर्दी बदलकर भागी महिला पुलिसकर्मी
घटना की सूचना पर एसडीओ एके मंडल, बीडीओ शिवशंकर राय, सीओ भोगेंद्र यादव, ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार पाल आदि पहुंचे. लेकिन, गुस्साये लोगों ने ओपी अध्यक्ष, एएसआइ अवधेश यादव, होमगार्ड के जवान, चौकीदार ओम प्रकाश आदि की पिटाई कर दी. ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाहियों के साथ भी मारपीट की गयी. महिला पुलिसकर्मियों ने वर्दी बदलकर मेला परिसर से भागी. सीओ भी वहां से जान बचा कर भागे.
मृतकों के परिजनों को मिलेगा मुआवजा
घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. प्रशासन की ओर से पूर्ण सतर्कता नहीं बरती गयी. मृतकों के परिजनों को नियमानुकूल सरकारी स्तर से मुआवजा दिया जायेगा.
वरुण कुमार मिश्रा, डीडीसी, समस्तीपुर
प्रशासन ने स्वीकार िकया, हुई चूक
घटना राजकीय मेला को लेकर की गयी तैयारियों में हुई चूक का संकेत है. इसके कारण व्यवस्था को संभालने में व्यवधान पड़ा.
बीके सिंह,डीएसपी मुख्यालय, समस्तीपुर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >