समस्तीपुर : मौसम का मिजाज फिर बदलेगा. आसमान में गरज वाले बादल बनने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. 26 मार्च के आसपास हल्की वर्षा या फिर बूंदाबांदी हो सकती है. यह आकलन है डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित मौसम विभाग का. नोडल पदाधिकारी डा. ए. सत्तार का बताना है कि शनिवार को न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा.
जबकि अधिकतम तापमान .8 डिग्री सेल्सियस उपर दर्ज किया गया है. मौसमीय सिस्टम का प्रभाव पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा एवं मधुबनी में अधिक देखा जा सकता है. असर मैदानी भागों के जिलों में भी रह सकता है. अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इस अवधि में औसतन 3 से पांच किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से मुख्यत: पछिया हवा चल सकती है. 25 से 27 मार्च के बीच कहीं-कहीं पुरवा हवा चलने का अनुमान है. कृषि वैज्ञानिकों ने फिलहाल खड़ी फसलों में सिंचाई स्थगित रखने का सुझाव दिया है. खड़ी फसलों में कीटनाशक दवा का छिड़काव आसमान साफ रहने पर ही करने को कहा है. ओल की रोपाई करने के लिए समय अनुकूल बताया है. हरा चारा के लिए ज्वार की कोहवा प्रभेद लगाने को कहा है.
