समस्तीपुर : होली की तैयारी अपने चरम पर है. 21 मार्च को होली मनायी जाएगी. इसको लेकर खरीदारों की भारी भीड़ बाजार के कपडा दुकानों से लेकर रंग पिचकारी व सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर जुटने लगी है. होली की मस्ती और धमाल का खुमार बाजार पर भी छा गया है. शहरवासियों की पसंद को ध्यान में रखते हुए इस बार पिचकारी से लेकर पकवानों के विभिन्न आइटम बाजार में उतारे गए हैं. होली पर विभिन्न तरह की पिचकारी बाजार में सज गई है. इसमें देश भक्ति का रंग भी है तो बच्चों के पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर को भी जगह दी गई है.
शहर के विभिन्न स्थानों पर लगी और अस्थाई दुकानों पर बच्चों की भीड और उनकी जिद देखते बन रही है. दुकानदारों ने हाल ही में सर्जिकल स्ट्राइक में बम वर्षक विमान मिग 29 व सुखोई नाम से गुलाल उड़ाने और बाहुबली नाम से रंग बरसाने वाले पिचकारीओं से दुकानें सजा रखी है,जो बच्चों के आकर्षण का केंद्र है.
वहीं टैंक वाली पिचकारी में डोरोमैन में से लेकर एके 47 तक है. पंप वाली पिचकारी में बांसुरी, मोदी पंप से लेकर स्टील कवर वाले पंप है. दुकानदार कृष्ण मुरारी बताते हैं कि पंप वाली पिचकारी 50 से 350 रुपये में है. वहीं, टैंक वाली पिचकारी की कीमत 150 से लेकर 700 तक है.
स्लाइड, एके-47 आदि पिचकारी 150 से 300 तक में अलग-अलग डिजाइन और साइज में मिल रही है. वही इस बार होली में स्मोक बम से आसमान रंग बिरंगा होकर अनुपम छटा बिखेरेगा. हरे, लाल पीले, गुलाबी रंग के स्मोक बम बाजार में खूब बिक रहे हैं. इधर होली त्योहार पर घर आ रहे परदेशियों से समस्तीपुर जंक्शन गुलजार हो रहा है. मंगलवार से समस्तीपुर जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ पहले की तुलना में पांच गुना ज्यादा बढ़ गई है.
