Rail Line In Bihar: बिहार में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है. ऐसे में कई सारे रेल प्रोजेक्ट्स पर काम किए जा रहे हैं. उत्तर बिहार में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 105 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाई जाएगी. यह समस्तीपुर-हसनपुर-खगड़िया रेलखंड दोहरीकरण परियोजना है. इस रेल लाइन की मांग 2006 में ही शुरू हुई थी.
इतने रुपये किए गए मंजूर
बताया जा रहा है कि काफी लंबे समय के बाद इस रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे का काम शुरू करने की मंजूरी दी गई. सर्वे के लिए 2.04 करोड़ से 2.37 करोड़ तक की राशि आवंटित की गई है. इसके साथ ही सर्वे एजेंसी को 6 महीने के अंदर सर्वे का काम पूरा करने का टारगेट दिया गया है. सर्वे फाइनल होने के बाद ही डीपीआर रिपोर्ट तैयार की जाएगी.
रेलवे बोर्ड से मंजूरी के बाद शुरू होगा काम
जानकारी के मुताबिक, डीपीआर तैयार होने के बाद रेलवे बोर्ड से रेल लाइन बिछाने की मंजूरी मिलेगी. इसके लिए टेंडर भी निकाला जाएगा. उसके बाद काम शुरू किया जाएगा. इस परियोजना को पूरा करने के लिए रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. यह रेल प्रोजेक्ट उत्तर बिहार के लिए गेमचेंजर साबित हो सकेगा. समस्तीपुर से खगड़िया के बीच सिंगल लाइन होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
यात्रियों को मिलेगी राहत
कहा जा रहा है कि यात्रियों को ट्रेन के गुजरने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है. इस रेल लाइन को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि इस पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चल सके. इससे सफर सुरक्षित, तेज और आसान हो सकेगा. फिलहाल, सर्वे एजेंसी काम में जुटी है. इस दौरान एजेंसी मिली की क्वालिटी, पुल-पुलियों की डिजाइन समेत अन्य अध्ययन किया जाएगा.
इस रेल लाइन के बनने से यात्रियों के समय की बचत हो सकेगी. रेलखंड की क्षमता बढ़ सकेगी. इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, नई एक्सप्रेस ट्रेन समेत अन्य ट्रेनों का परिचालन हो सकेगा. यात्रियों का सफर आसान हो सकेगा.
Also Read: बिहार में नियम तोड़ने वाली गाड़ियों के खिलाफ बढ़ी सख्ती, जिलों के लिए निर्देश जारी
