Samastipur Encounter: समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र और सीमावर्ती वैशाली जिला के बॉर्डर पर स्थित लेओढ़न गांव के समीप शुक्रवार को दोपहर पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई. इस दौरान अपराधियों द्वारा किए गए हमले के जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की. पुलिस की इस जवाबी कार्रवाई में एक कुख्यात बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका दूसरा साथी भागने के प्रयास में पैर फ्रैक्चर होने के कारण जख्मी हो गया. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है.
एसटीएफ और डीआईयू ने की थी संयुक्त घेराबंदी
एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर बंगरा थाना और सीमावर्ती वैशाली के बलिगांव थाना के बीच बॉर्डर इलाके में कुछ अपराधियों के जुटने और किसी बड़ी वारदात की साजिश रचने की खुफिया सूचना मिली थी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय पुलिस, डीआईयू (DIU) और एसटीएफ (STF) की एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने जैसे ही उक्त स्थल की घेराबंदी शुरू की, बदमाशों ने खुद को घिरा पाकर पुलिस पर हमले की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अमन कुमार के दाएं पैर में गोली लग गई. वहीं उसका सहयोगी लक्ष्मी कुमार भागने के क्रम में गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसका पैर टूट गया.
यह भी पढ़ें… सीतामढ़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, सीएसपी लूट कांड के मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
हाल ही में जेल से छूटकर अमन ने बनाया था नया गिरोह
पकड़े गए बदमाशों की पहचान समस्तीपुर के चकमेहसी (कल्याणपुर) निवासी अमन कुमार (18) और मुजफ्फरपुर के मुशहरी निवासी लक्ष्मी कुमार (18) के रूप में की गई है. पुलिस के अनुसार दोनों अपराधियों का पुराना और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है. मुख्य आरोपी अमन कुमार एक पेशेवर अपराधी है, जो हाल ही में हत्या के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था. जेल से रिहा होने के बाद उसने एक नया संगठित गिरोह तैयार किया और समस्तीपुर व मुजफ्फरपुर में लगातार लूट, हत्या और डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था. हाल ही में इस गिरोह ने ताजपुर में एक बाइक लूट और गोली मारकर हत्या के प्रयास की घटना को अंजाम दिया था.
यह भी पढ़ें… पिस्तौल के बल पर युवती से दुष्कर्म का प्रयास
डेढ़ महीने के भीतर जिले में यह दूसरी बड़ी मुठभेड़
घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम और वैशाली पुलिस पहुंचकर जांच में जुटी है. पुलिस ने अपराधियों के पास से पिस्टल और अन्य सामान बरामद किया है. समस्तीपुर जिले में पिछले डेढ़ महीने के भीतर पुलिस और अपराधियों के बीच यह दूसरी बड़ी मुठभेड़ है. इससे पहले 20 मई को उजियारपुर थाना क्षेत्र के देसुआ गांव में पुलिस ने प्रिंस कुमार नामक वांछित बदमाश को मुठभेड़ के बाद पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था. पुलिस की इस लगातार सख्त कार्रवाई से अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है.
यह भी पढ़ें… लूट की झूठी साजिश रचने वाला दामाद देवघर से गिरफ्तार, सास की जमीन हड़पने के लिए बुना था जाल
