मासूम सहित एक ही परिवार के चार लोग घायल सिमरी बख्तियारपुर. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसा सिमरी बख्तियारपुर-बलवाहाट एनएच 107 सड़क मार्ग पर करझैल गांव के समीप हुआ. घायलों में एक महिला और एक मासूम बच्चा भी शामिल है. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मासूम बच्चे की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घायलों की पहचान बलवाहाट थाना क्षेत्र के खजूरी पंचायत स्थित बलही बरसम गांव निवासी संजय ठाकुर, अमर कुमार, ज्योति देवी और आठ वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है. घायल महिला ज्योति देवी ने बताया कि परिवार को रिश्तेदारी में निधन की सूचना मिली थी. इसी कारण वह अपने पति अमर कुमार और भैंसुर संजय ठाकुर के साथ बाइक से बनमा इटहरी थाना क्षेत्र के सरबैला गांव अपनी फुआ के घर जा रही थी. बाइक संजय ठाकुर चला रहे थे. उन्होंने बताया कि जैसे ही वे लोग करझैल गांव के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गये. ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ा हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया. ट्रक चालक की पहचान रविंद्र कुमार के रूप में हुई है. चालक ने बताया कि वह राजनपुर कोसी बांध से खाद्यान्न अनलोड कर सिमरी बख्तियारपुर स्थित एफसीआई गोदाम लौट रहा था, इसी दौरान दुर्घटना हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गयी और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ट्रक ने बाइक सवार को पीछे से मारी टक्कर
ट्रक ने बाइक सवार को पीछे से मारी टक्कर
