सास-ससुर को महिला ने पहले लाठी डंडों से पीटा, फिर बच्चों को जबरन खिलायी कीटनाशक दवा

सास-ससुर व बहू के बीच घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. एक महिला ने कथित तौर पर अपने पांच नाबालिग बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया.

महिला समेत पांच बच्चियां जिंदगी और मौत से लड़ रहीं जंग, दो जुड़वा बच्चों की स्थिति अत्यंत नाजुक

बनमा ईटहरी. सास-ससुर व बहू के बीच घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. एक महिला ने कथित तौर पर अपने पांच नाबालिग बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया. सभी की हालत गंभीर बनी हुई और इलाजरत हैं. दरअसल यह पूरा मामला बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर वार्ड पांच का है. जहां रविवार रात घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने अपने पांच बच्चों को दूध में हॉर्लिक्स में कीटनाशक दवा मिलाकर पिला दी और खुद भी उसका सेवन कर लिया. सूत्रों के अनुसार बच्चे नहीं पीना चाहते थे, लेकिन महिला ने उसे जबरन पिलाया. सभी छह लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो जुड़वा बच्चों की स्थिति अत्यंत नाजुक बतायी जा रही है. सभी का इलाज सहरसा के नारायणा अस्पताल में चल रहा है. घटना की जानकारी थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी को नहीं थी. सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने उन्हें फोन कर जानकारी दी. थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि प्राइवेट अस्पताल से पॉइजनिंग का मामला सामने आया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

घरेलू विवाद को लेकर तीन दिन पहले बहू ने सांस-ससुर के साथ की थी मारपीट

सूत्रों के अनुसार तीन दिन पहले रंजन पंडित की 40 वर्षीय पत्नी सोनी देवी की घरेलू विवाद को लेकर अपने ही सास से अनबन हो गया था. जो धीरे-धीरे गाली-गलौज व मारपीट में तब्दील हो गयी. दबी जुबां से लोगों ने बताया कि बहू सोनी देवी के द्वारा ही वयोवृद्ध सास सुनरी देवी और ससुर झींगर पंडित को जमकर लप्पड़- थप्पड़ के साथ-साथ लाठी डंडे से पीटकर जख्मी कर दिया था. इसी आक्रोश को लेकर जब सास सुंदरी देवी ने अपने बेटे रंजन पंडित, जो दिल्ली में राज मिस्त्री का काम करता है, इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी तो रंजन ने अपनी पत्नी सोनी देवी को फोन कर कहा कि मैं आता हूं फिर तुमको बताऊंगा.

तेलियाहाट बाजार से दिन में ही लायी थी दवा

घटना रविवार रात करीब आठ बजे की है. बताया जा रहा है कि महिला 40 वर्षीया सोनी देवी ने दूध में कीटनाशक मिलाकर अपने बच्चों 14 वर्षीया प्रीति कुमारी, 13 वर्षीया रचना कुमारी, छह वर्षीया सपना कुमारी और 5 वर्षीय जुड़वां बेटे रामकुमार व लखन कुमार को पिला दिया. इसके बाद उसने खुद भी वही जहर पी लिया. बच्चे दूध नहीं पीना चाह रहे थे, लेकिन महिला ने उसे जबरन पिलाया.

पड़ोसियों ने सभी को पहुंचाया सदर अस्पताल

कुछ देर बाद एक बच्चे ने तड़पते हुए किसी तरह घर का दरवाजा खोला और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी. आनन-फानन में सभी को सहरसा सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया. जिसके बाद सभी को सहरसा के नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल के डॉ मानस कुमार झा ने बताया कि सभी का इलाज जारी है, लेकिन जुड़वा बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है.

घटना के समय दिल्ली में था सोनी देवी का पति

सोनी देवी के पति घटना के समय दिल्ली में थे, जहां वे राजमिस्त्री का काम करते हैं. घटना की जानकारी होने पर वह वहां से घर के लिए निकल चुके हैं. वहीं परिवार और आसपास के लोग इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं. सूचना मिलने पर सोनी देवी के भाई सूरज कुमार सोमवार सुबह अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि फोन के जरिए उन्हें घटना की जानकारी दी गयी थी. वहीं सोनी देवी के सास-ससुर भी अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन पुलिस के आने के बाद वे वहां से गायब हो गये.

डीएसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

इस संबंध में सिमरी बख्तियारपुर डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया है. तीन दिन पहले विवाद होने की जानकारी मिल रही है. आवश्यक पूछताछ की जा रही है. प्रथम दृष्टिया घरेलू विवाद ही घटना का कारण लग रहा है. साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है, जबकि सहरसा सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि निजी अस्पताल से पॉइजनिंग का मामला सामने आया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. घटना की सूचना पर थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी, सर्किल इंस्पेक्टर मो सुजाउद्दिन, पुअनि रवि कुमार, आरओ शशिभूषण कुमार ने जायजा लिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >