कहरा . सोनबरसा कचहरी थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव में गुरुवार देर रात एक घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस भीषण आगलगी में घर में रखा सारा सामान व एक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गया. गृहस्वामी संतोष कुमार ने इस घटना को एक साजिश के तहत आग लगाने की बात कही. उन्होंने बताया कि उनकी बाइक के तेल टंकी का नोजल को खोलकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगाई है. उन्होंने बताया कि पेट्रोल की आग की लपट इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. गांव के सैकड़ों लोग आग बुझाने की कोशिश की. लगभग एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया. तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जरूरी कागजात व बाइक पूरी तरह नष्ट हो चुका था. घटना की सूचना सोनबरसा कचहरी थाना पुलिस को दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी है एवं आग लगने के कारणों की पड़ताल कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
