हत्या व आत्महत्या के बीच उलझा मामला एसडीपीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच, गहन पूछताछ जारी मृतक की फुआ ने लगाया पत्नी के प्रेम-प्रसंग में हत्या का आरोप पतरघट . स्थानीय थाना क्षेत्र के गोलमा पश्चिमी पंचायत स्थित गोविंद मध्य विद्यालय गोलमा के सामने पस्तपार थाना क्षेत्र के ठाढ़ी बस्ती निवासी कबाड़ी कारोबारी 40 वर्षीय गोपाल स्वर्णकार पिता इंद्रदेव स्वर्णकार का सोमवार की रात हुई रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है. मामला हत्या व आत्महत्या के बीच उलझी हुई है. घटना की सूचना पर मंगलवार की सुबह पतरघट पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया. घटना स्थल पर एसडीपीओ आलोक कुमार भी पहुंचकर घटना की जानकारी लेते कहा कि प्रथम दृष्टया घटना आत्महत्या का लग रहा है. एसडीपीओ ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा आवेदन प्राप्त होने एवं पुलिस अनुसंधान में हत्या या आत्महत्या का खुलासा होगा. घटना स्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से जुड़ें सभी पहलुओं पर गहन जांच की है. घटनास्थल पर थानाध्यक्ष शशि कुमार, अपर थानाध्यक्ष डोली रानी, एसआई विकास कुमार सिंह, एसआई प्रशांत कुमार, एसआई मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचकर मृतक की पत्नी सुशीला देवी एवं गोलमा पश्चिमी पंचायत स्थित लत्तीपुर निवासी अंकित पासवान पिता शिवराम पासवान को थाना पर ले जाकर गहन पूछताछ कर रही है. घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक गोपाल स्वर्णकार का गोलमा पश्चिमी पंचायत के बथनाहा बस्ती स्थित वार्ड छह निवासी कारी स्वर्णकार की पुत्री सुशीला देवी से लगभग दस वर्ष पूर्व हिंदू रीति रिवाज के अनुसार शादी हुई थी. मृतक गोपाल स्वर्णकार लगभग पांच वर्ष से क्षेत्र में रहकर कबाड़ी का कारोबार कर रहा था. इधर दो वर्ष पूर्व गोविंद मध्य विद्यालय के सामने गोलमा निवासी संजय झा उर्फ मुन्ना झा के परिसर में परिवार के साथ रहकर कबाड़ी का कारोबार करता था. मृतक की बड़ी पुत्री मुस्कान का कहना था कि सोमवार की रात उनके माता-पिता के बीच झगड़ा झंझट हुआ था. घटना की रात वह सभी खाना खाकर सो गयी थी. मंगलवार की अहले सुबह स्थानीय लोगों ने मृतक के घर के मुख्य द्वार पर गेट के पिलर में गमछा के फंदा से लटका हुआ गोपाल का शव देखा. घटना की सूचना पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ गोपाल स्वर्णकार की हत्या कर शव गेट पर लटकाने की बात कह रहे थे. गोलमा में रह रही मृतक गोपाल स्वर्णकार की फुआ सांझा देवी ने बताया कि गोपाल की पत्नी सुशीला देवी का लत्तीपुर निवासी अंकित पासवान से प्रेम प्रसंग चल रहा था. जिस कारण पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते रहता था. जिस कारण गोपाल की हत्या हुई है. पत्नी सुशीला देवी को उनके पिता कारी स्वर्णकार का संरक्षण प्राप्त होने की बात कही जा रही है. वहीं मृतक के पिता सहित उनके परिजनों ने भी हत्या होने की संभावना जताई है. मृतक अपनी पत्नी सहित तीन पुत्री के साथ पांच वर्ष से गोलमा में रहकर कबाड़ी का कारोबार करता था. जहां प्रायः मृतक का ससुर कारी स्वर्णकार भी रहा करता था. इस बाबत थानाध्यक्ष शशि कुमार ने बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं पर जांच जारी है. मृतक के परिजनों द्वारा आवेदन या बयान दिये जाने पर दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
