हर सोमवार व शुक्रवार को लगेगा बिजली विभाग का विशेष कैंप

हर सोमवार व शुक्रवार को लगेगा बिजली विभाग का विशेष कैंप

72 घंटे में होगा समाधान सहरसा . बिजली उपभोक्ताओं की रोजमर्रा की परेशानियों को तेजी से दूर करने के लिए ऊर्जा विभाग ने एक नई पहल शुरू की है. अब विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सहरसा के सभी अवर प्रमंडल व प्रशाखा कार्यालयों में विशेष शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान 72 घंटे के अंदर करने का लक्ष्य तय किया गया है. इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. बल्कि तय दिन व समय पर ही समस्याओं का निपटारा हो सकेगा. विद्युत कार्यपालक अभियंता सहरसा अमित कुमार ने बताया कि विशेष शिविरों में बिजली बिल से जुड़ी गड़बड़ियों को तुरंत ठीक किया जाएगा. इसके साथ ही झुके हुए पोल, ढीले तार, कम वोल्टेज या खराब ट्रांसफार्मर जैसी समस्याओं पर भी मौके पर कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि नये कनेक्शन, नाम परिवर्तन एवं स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जुड़ी शिकायतों का भी यही समाधान किया जाय. जिससे उपभोक्ताओं को अलग-अलग प्रक्रिया में नहीं उलझना पड़े. कृषि कनेक्शन लेने वाले किसानों के लिए भी यह शिविर काफी उपयोगी साबित होगा. यहां आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य औपचारिकताओं की पूरी जानकारी दी जाएगी. वहीं पीएम सूर्यघर योजना के तहत आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को भी मौके पर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा. जिससे सोलर कनेक्शन लेने की प्रक्रिया आसान हो सके. शिविर में उपभोक्ता अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान भी आसानी से कर सकेंगे. जिससे लंबित बिलों के निपटारे में तेजी आएगी. विभाग का मानना है कि एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध होने से उपभोक्ताओं का समय बचेगा एवं पारदर्शिता भी बढ़ेगी. यह विशेष शिविर प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक सभी विद्युत अभियंता कार्यालयों में आयोजित किये जा रहे हैं. उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपनी समस्या से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आयें. जिससे मौके पर ही उनका समाधान किया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >