Saharsa News: सहरसा के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने रविवार को सीमावर्ती पस्तपार थाना का वार्षिक निरीक्षण किया. थाना पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों, अभिलेखों के संधारण, पुलिस आवास और आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
पस्तपार थाना को जल्द मिलेगा स्थायी भवन
निरीक्षण के दौरान एसपी विक्रम सिहाग ने कहा कि फिलहाल पस्तपार थाना कोसी परियोजना के भवन में संचालित हो रहा है. सीमावर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण यहां स्थायी थाना भवन की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि थाना भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके लिए जल्द ही जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी.
उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस नया थाना भवन बनने से पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
Saharsa News: अभिलेखों और लंबित मामलों की हुई समीक्षा
एसपी ने थाना के अभिलेख, सिरिस्ता, अपराध पंजी, केस डायरी तथा अन्य दस्तावेजों का निरीक्षण किया. उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने और व्यवस्थित ढंग से संधारित करने का निर्देश दिया. उनका कहना था कि मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था से पुलिसिंग अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनती है.
अपराधियों पर सख्त निगरानी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण को लेकर नियमित क्रिमिनल परेड, अपराधियों की थाना में उपस्थिति सुनिश्चित कराने, नए अपराधियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करने और न्यायालय से वांछित आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए.
उन्होंने सूचना तंत्र को मजबूत करने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने पर भी जोर दिया.
Saharsa News: अवैध शराब के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
एसपी विक्रम सिहाग ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि शराब माफियाओं के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
फरियादियों के सम्मान और समयबद्ध कार्रवाई पर जोर
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए. सभी शिकायतों की पावती रसीद तत्काल उपलब्ध कराई जाए तथा आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत हो सके.
पुलिस आवासों का भी किया निरीक्षण
एसपी ने थाना परिसर स्थित पुलिस आवासों का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई, अनुशासन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की.
निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर श्रीराम सिंह, थानाध्यक्ष विजय कुमार पासवान, एसआई अमरजीत कुमार, एसआई प्रीति कुमारी, एसआई संतोष कुमार सिंह, पीएसआई विकास कुमार, एएसआई विकास कुमार सिंह, थाना लेखक प्रभात कुमार तथा महिला हेल्प डेस्क की सिपाही श्वेता कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
